Asia Cup 2025: भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे सैन्य तनाव के कारण पुरुष एशिया कप 2025 के आयोजन पर अनिश्चितता के बादल मंडरा रहे थे. दोनों देशों के संबंधों में आई कड़वाहट से टूर्नामेंट के भविष्य को लेकर कई सवाल खड़े हो गए थे. हालांकि, क्रिकेट प्रेमियों के लिए अब एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है: एशिया कप 2025 का आयोजन अब संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की धरती पर होगा. इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की मेजबानी भारत के पास है.
मोहसिन नकवी ने की तारीखों की घोषणा
एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि पुरुषों का एशिया कप 9 से 28 सितंबर तक UAE में खेला जाएगा. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख नकवी ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में लिखा, “मुझे UAE में ACC पुरुष एशिया कप 2025 की तारीखों की पुष्टि करते हुए खुशी हो रही है. यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट नौ से 28 सितंबर तक होगा. हम इसमें शानदार क्रिकेट देखने की उम्मीद करते हैं.” टूर्नामेंट का पूरा शेड्यूल जल्द ही जारी किया जाएगा.
महत्वपूर्ण बैठक में लिया गया फैसला
एशिया कप किस देश में आयोजित होगा, यह फैसला एशियन क्रिकेट काउंसिल की 24 जुलाई को हुई एक महत्वपूर्ण बैठक में लिया गया था. इस बैठक में ACC के सभी 25 सदस्य देशों ने भाग लिया. भारत के मेजबान होने के बावजूद, टूर्नामेंट को न्यूट्रल वेन्यू पर करवाया जा रहा है, क्योंकि भारत और पाकिस्तान ने 2027 तक केवल न्यूट्रल वेन्यू पर ही खेलने पर सहमति व्यक्त की है. गौरतलब है कि चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की मेजबानी पाकिस्तान के पास थी, लेकिन भारतीय क्रिकेट टीम ने अपने सभी मैच दुबई में ही खेले थे.
भारत-पाकिस्तान एक ही ग्रुप में
पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, ACC और उसके प्रसारकों के बीच हुए समझौते के तहत, भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा जाएगा. इसके अलावा, सुपर सिक्स चरण में भी उन्हें एक-दूसरे से भिड़ने का एक और मौका मिलेगा. यदि दोनों टीमें फाइनल में पहुँचती हैं, तो टूर्नामेंट में तीसरे मुकाबले की भी संभावना होगी, जो प्रशंसकों के लिए किसी सौगात से कम नहीं होगा. अभी तक एशिया कप के किसी भी संस्करण में भारत और पाकिस्तान के बीच फाइनल मुकाबला नहीं हुआ है.