इंदौर: इंदौर में शुक्रवार को दिल्ली-इंदौर आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान में तकनीकी खराबी से यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। विमान में कुल 161 यात्री सवार थे। उड़ान के दौरान इंजन में खराबी का पता चलते ही पायलट ने ‘PAN-PAN’ कॉल जारी किया, जो एक आपातकालीन लेकिन गैर-जीवन-घातक स्थिति का संकेत होता है।
एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को अलर्ट भेजते ही देवी अहिल्याबाई होल्कर एयरपोर्ट पर सुरक्षा इंतज़ाम बढ़ा दिए गए। रनवे पर फायर टेंडर और एम्बुलेंस की तैनाती की गई, ताकि किसी भी स्थिति से निपटा जा सके।
एयरलाइन प्रवक्ता ने जानकारी दी कि “पायलटों ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए ATC को तत्काल सूचित किया। विमान को सुरक्षित रूप से इंदौर एयरपोर्ट पर उतारा गया। इस दौरान केवल 20 मिनट की देरी हुई और सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।”
इस घटना ने एक बार फिर से दिखा दिया है कि सतर्कता और आपातकालीन तैयारी के कारण संभावित संकट को टाला जा सकता है।