सीपी राधाकृष्णन बने देश के 15वें उपराष्ट्रपति, विपक्षी सुदर्शन रेड्डी को 152 वोटों से हराया

नई दिल्ली:एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन देश के 15वें उपराष्ट्रपति चुन लिए गए हैं। मंगलवार को हुए चुनाव में उन्होंने इंडिया गठबंधन (I.N.D.I.A.) के उम्मीदवार सुदर्शन रेड्डी को 152 वोटों से मात दी। कुल 788 सांसदों में से 767 (98.2%) ने वोट डाला। इनमें से राधाकृष्णन को 452 वोट मिले, जबकि रेड्डी को 300 वोट हासिल हुए। 15 वोट अमान्य घोषित किए गए।

क्रॉस वोटिंग की चर्चा

परिणामों के बाद सियासी गलियारों में क्रॉस वोटिंग की चर्चा तेज हो गई है। एनडीए के पास अपने सहयोगियों समेत अधिकतम 438 वोट होने चाहिए थे, लेकिन राधाकृष्णन को 452 वोट मिले। भाजपा का दावा है कि विपक्ष के कम से कम 14 सांसदों ने एनडीए के पक्ष में मतदान किया, जबकि कुछ ने जानबूझकर वोट अमान्य किया। हालांकि, विपक्ष ने दावा किया कि उनके 315 सांसद पूरी तरह एकजुट रहे।

लंबा राजनीतिक सफर

तमिलनाडु के तिरुपुर में 20 अक्टूबर 1957 को जन्मे राधाकृष्णन की राजनीति की शुरुआत आरएसएस स्वयंसेवक के रूप में हुई थी। वे 1998 और 1999 में कोयंबटूर से सांसद चुने गए। 2004 से 2007 तक तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष और बाद में कोयर बोर्ड अध्यक्ष भी रहे। 2023 में उन्हें झारखंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया था। अब वे महाराष्ट्र के राज्यपाल पद से उपराष्ट्रपति पद तक का सफर तय कर चुके हैं।