रेलवे ने अभ्यर्थियों के लिए चलाई परीक्षा स्पेशल ट्रेनें

राजस्थान: रेलवे ने राजस्थान में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों की सुविधा को देखते हुए विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। इसके तहत जोधपुर मंडल से दो अलग-अलग रूटों पर परीक्षा स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी।

जोधपुर मंडल डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने जानकारी दी कि भगत की कोठी-खातीपुरा परीक्षा स्पेशल (04835/04836) का संचालन 18 से 21 सितंबर तक किया जाएगा। यह ट्रेन 18 से 20 सितंबर तक भगत की कोठी से रात्रि 9:30 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 5 बजे जयपुर के खातीपुरा स्टेशन पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन 19 से 21 सितंबर तक खातीपुरा से दोपहर 2:10 बजे प्रस्थान कर रात्रि 8:30 बजे भगत की कोठी पहुंचेगी। इस दौरान ट्रेन का ठहराव जोधपुर, गोटन, मेड़ता रोड, डेगाना, मकराना, कुचामन सिटी, नावा सिटी, फुलेरा, कनकपुरा, जयपुर और गांधीनगर जयपुर स्टेशनों पर रहेगा। इसमें कुल 10 डिब्बे होंगे, जिनमें 8 जनरल और 2 गार्ड/एसएलआर कोच शामिल होंगे।

भगत की कोठी ↔ खातीपुरा (जयपुर)

इसी तरह बाड़मेर-जोधपुर परीक्षा स्पेशल (04825/04826) का संचालन 19 और 20 सितंबर को दो ट्रिप में किया जाएगा। बाड़मेर से यह ट्रेन आधी रात 12:30 बजे रवाना होकर सुबह 5:30 बजे जोधपुर पहुंचेगी। जबकि वापसी में शाम 5:30 बजे जोधपुर से प्रस्थान कर रात 11 बजे बाड़मेर पहुंचेगी। इसमें बायतु, बालोतरा, समदड़ी, धुंधाड़ा, लूणी, बासनी और भगत की कोठी स्टेशनों पर ठहराव दिया जाएगा। इस ट्रेन में कुल 12 डिब्बे होंगे, जिनमें 11 अनारक्षित स्लीपर और 1 एसएलआर शामिल है।

बाड़मेर ↔ जोधपुर

रेलवे का कहना है कि इन परीक्षा स्पेशल ट्रेनों से अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक आने-जाने में सुविधा होगी और अतिरिक्त यात्री दबाव को भी नियंत्रित किया जा सकेगा।