मध्यप्रदेश: सीधी ज़िले में गुरुवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को शोकाकुल कर दिया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यक्रम स्थल के बाहर खड़े ट्रक में तेज़ रफ्तार बोलेरो जा घुसी। इस हादसे में मयापुर भाजपा मंडल अध्यक्ष शिवकुमारी जायसवाल के परिवार के तीन सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया और हालत गंभीर होने पर रीवा के संजय गांधी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
हादसे का विवरण
यह दुर्घटना सीधी-सिंगरौली नेशनल हाईवे पर गुरुवार रात करीब 7:30 बजे हुई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को सीधी ज़िले की बहरी तहसील में सोन नदी पर बने पुल का उद्घाटन करने वाले थे। यह पुल सिंगरौली से बहरी होकर उत्तरप्रदेश को जोड़ता है। कार्यक्रम स्थल पर तैयारियों के लिए ट्रक खड़ा था, जिसमें टेंट का सामान लदा हुआ था। बोलेरो की सीधी टक्कर इसी ट्रक से हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बोलेरो काफी तेज़ रफ्तार में थी और टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। आवाज़ सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने सभी घायलों को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल भेजा।
मृतक और घायल
डीएसपी अमन मिश्रा ने पुष्टि की कि हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है। मृतकों में धर्मेंद्र जायसवाल (24), गीता उर्फ आदित्य (55) और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति शामिल हैं। बोलेरो वाहन जेठू गांव निवासी जगदीश जायसवाल के नाम पर रजिस्टर्ड है। उनके बेटे प्रिंस जायसवाल गाड़ी चला रहे थे, जो गंभीर रूप से घायल हैं।
रीवा संजय गांधी अस्पताल के सीएमओ वायएस बघेल ने बताया कि तीन घायलों—अजय जायसवाल (26), प्रिंस जायसवाल (30) और बालकृष्ण प्रजापति (30)—का इलाज जारी है। सभी की हालत नाज़ुक है और डॉक्टर लगातार निगरानी कर रहे हैं।
राजनीतिक हलचल
हादसे के बाद राजनीतिक गलियारों में भी हलचल मच गई। सिंहावल विधायक विश्वामित्र पाठक ने मुख्यमंत्री से कार्यक्रम स्थगित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मंडल अध्यक्ष के परिवार के तीन सदस्यों की मौत हुई है, ऐसे माहौल में उत्सव का आयोजन उचित नहीं है।
पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल भी जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना था कि मृतकों की बॉडी को बिना परिजनों के मौजूदगी के हटा लिया गया और अस्पताल में उनका ईसीजी तक किया गया, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।
सीएम ने जताया शोक और रद्द किया दौरा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया और सीधी का प्रस्तावित दौरा रद्द कर दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा—
“सीधी में हुई सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मृत्यु अत्यंत दुखद है। घायलों को बेहतर इलाज और प्रभावित परिवारों को सहायता देने के लिए प्रशासन को निर्देशित कर दिया गया है। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ मिले।”
यह हादसा एक ओर जहां राजनीतिक कार्यक्रम की तैयारियों पर सवाल खड़ा कर रहा है, वहीं दूसरी ओर मृतकों के परिजनों पर ग़म का पहाड़ टूट पड़ा है। पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।