नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम 5 बजे राष्ट्र को संबोधित करेंगे। हालांकि आधिकारिक एजेंडा अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन राजनीतिक और आर्थिक हलकों में इस बात को लेकर कयास तेज हैं कि पीएम मोदी GST की नई दरों, स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा और अमेरिका द्वारा H-1B वीजा फीस में वृद्धि जैसे मुद्दों पर विस्तार से बात कर सकते हैं।
GST दरों पर संभावित चर्चा
सूत्रों के मुताबिक, हाल ही में लागू की गई नई GST दरों को लेकर उद्योग जगत और आम जनता में कई सवाल उठ रहे हैं। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि प्रधानमंत्री इन बदलावों के उद्देश्य, इनके दीर्घकालिक फायदे और सरकार की रणनीति पर प्रकाश डालेंगे। यह संबोधन आगामी फेस्टिवल सीजन के मद्देनज़र खास अहमियत रखता है, जब बाजारों में उपभोक्ता खर्च बढ़ता है।
‘स्वदेशी से समृद्धि’ की अपील
प्रधानमंत्री मोदी बीते कुछ समय से लगातार स्वदेशी उत्पादों और लोकल फॉर वोकल अभियान पर जोर दे रहे हैं। मणिपुर, बिहार, गुजरात और मध्य प्रदेश की यात्राओं के दौरान भी उन्होंने जनता से अपील की थी कि वे त्योहारों पर देशी सामान का उपयोग करें। माना जा रहा है कि आज के संबोधन में वे इस अभियान को और तेज करने तथा आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को लेकर व्यापक संदेश देंगे।
H-1B वीजा पर भारतीयों की चिंता
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा H-1B वीजा की आवेदन फीस बढ़ाए जाने के फैसले पर भारत में लाखों पेशेवर और छात्र चिंतित हैं। एक रिपोर्ट के अनुसार, हर साल लाखों भारतीय H-1B वीजा के लिए आवेदन करते हैं। वर्ष 2024 में ही 3 लाख से अधिक भारतीयों को यह वीजा मिला था। संभावना है कि प्रधानमंत्री मोदी इस मुद्दे पर भारत सरकार की स्थिति स्पष्ट करें और अमेरिकी प्रशासन से हुई बातचीत का ब्योरा साझा करें।
इससे पहले 12 मई की रात 8 बजे देश को संबोधित किया था। उस समय ऑपरेशन सिंदूर, पहलगाम आतंकी हमला, पाकिस्तान और आतंकवाद, परमाणु हथियारों की रणनीति, PoK के हालात, सीजफायर उल्लंघन, स्वदेशी हथियार निर्माण, सिंधु जल समझौता, और भारत की नई युद्ध नीति जैसे 12 बड़े मुद्दों पर उन्होंने देश का रुख स्पष्ट किया था।
आज का संबोधन ऐसे समय हो रहा है जब देश आर्थिक सुधारों, वैश्विक कूटनीति और आंतरिक सुरक्षा से जुड़े कई चुनौतियों का सामना कर रहा है। लिहाजा, यह संबोधन न केवल राजनीतिक बल्कि आर्थिक और सामाजिक दृष्टि से भी बेहद अहम माना जा रहा है।