बरेली में जुमे की नमाज के बाद हंगामा: ‘आई लव मोहम्मद’ प्रदर्शन में तोड़फोड़, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

उत्तर प्रदेश: बरेली में शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद मुस्लिम समाज के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। शहर के अलग-अलग इलाकों में ‘आई लव मोहम्मद’ लिखे पोस्टर और बैनर लेकर सैकड़ों लोग सड़कों पर उतरे। इस दौरान श्यामगंज और खलील स्कूल के पास पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच नोकझोंक और तोड़फोड़ हुई।

खलील स्कूल के पास वाहनों में तोड़फोड़, पुलिस ने लाठी पटकीं

श्यामगंज में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के जुलूस को रोकने का प्रयास किया, जिससे एसपी क्राइम के साथ प्रदर्शनकारियों की नोकझोंक भी हुई। इसके बावजूद भीड़ नारेबाजी करते हुए आगे बढ़ती गई और पुलिस को दुकानें बंद करानी पड़ीं। खलील स्कूल के पास कुछ शरारती तत्वों ने अचानक वाहनों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। प्रदर्शनकारियों को समझाने का पुलिस का प्रयास विफल रहा, जिसके बाद स्थिति पर काबू पाने के लिए पुलिस ने लाठियां पटकीं (लाठीचार्ज)। लाठीचार्ज के बाद मौके पर भगदड़ मच गई।

डीआईजी रेंज बरेली अजय कुमार साहनी ने पुष्टि की कि नमाज शांतिपूर्ण रही, लेकिन कुछ शरारती तत्वों ने माहौल खराब करने की कोशिश की, जिन्हें खदेड़ दिया गया है।

मौलाना तौकीर रजा खां नजरबंद, शहर में थी भारी चौकसी

इत्तेहाद-ए-मिल्लत कौंसिल (IMC) के प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां के ऐलान के बाद शहर में पहले से ही तनाव का माहौल था। मौलाना ने ‘आई लव मोहम्मद’ मामले में डीएम के जरिए राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजने की बात कही थी और शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अपील की थी।

हंगामे के बाद पुलिस ने मौलाना तौकीर रजा को नजरबंद कर लिया है। मौलाना के ऐलान के बाद गुरुवार शाम से ही शहर भर में चौकसी बढ़ा दी गई थी। शुक्रवार सुबह से ही इस्लामिया मैदान और बिहारीपुर को छावनी में तब्दील कर दिया गया था। श्यामगंज मंडी रोड पर बैरिकेडिंग कर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।

मौलाना तौकीर रजा खां ने सुबह एक वीडियो जारी कर प्रशासन पर साजिश रचने का आरोप लगाया था और कहा था कि अगर प्रशासन ने लोगों को रोक-टोक की तो उसकी जवाबदेही जिला प्रशासन की होगी।