भोपाल/श्योपुर: तीन महीने के मानसून ब्रेक के बाद, मध्य प्रदेश के वन्यजीव प्रेमियों के लिए दो बड़ी खबरें सामने आई हैं। जहाँ एक ओर कूनो नेशनल पार्क को पर्यटकों के लिए फिर से खुल गया है, वहीं भारी बारिश के चलते सतपुड़ा टाइगर रिजर्व (STR) के कोर क्षेत्र की सफारी के लिए 10 दिनों का इंतज़ार करना होगा।
कूनो नेशनल पार्क: 1 अक्टूबर से चीतों का दीदार
मध्य प्रदेश सरकार के निर्देश पर, कूनो नेशनल पार्क (KNP) बुधवार, 1 अक्टूबर 2025 से पर्यटकों के लिए खुल गया है। पार्क में टीकटोली, अहेरा और पीपलबावड़ी तीनों गेट से प्रवेश दिया जाएगा। पर्यटक MP Online पोर्टल से ऑनलाइन या प्रवेश द्वार पर ऑफ़लाइन बुक कर सकते हैं। देश में पहली बार पर्यटक खुले घूमते चीतों को उनके प्राकृतिक आवास में देखने का दुर्लभ अवसर प्राप्त कर सकेंगे।
प्रवेश शुल्क के अलावा, पर्यटकों को जिप्सी के लिए ₹2,500 और गाइड के लिए ₹800 शुल्क का भुगतान करना होगा।
सफारी का समय
अक्टूबर और फरवरी से जून को सुबह की सफारी 6:30-10:30 बजे तक; शाम की सफारी 3:00 -6:00 बजे तक।
नवंबर से जनवरी को सुबह की सफारी 7:00 -11:00 बजे तक; शाम की सफारी 3:00 – 5:30 बजे तक।
नोट: पार्क में हर बुधवार शाम की सफारी के लिए प्रवेश बंद रहेगा। टीकटोली गेट पर केवल पंजीकृत जिप्सियों को ही अनुमति दी जाएगी।