मध्यप्रदेश के पन्ना जिले की रत्नगर्भा भूमि ने एक बार फिर अपनी चमक बिखेरी है। पन्ना शहर के नजदीक गुजार गांव के रहने वाले गोविंद सिंह गोंड, जो एक आदिवासी परिवार से हैं, की जिंदगी उस समय बदल गई जब उन्हें जंगल के रास्ते में 4.04 कैरेट का उच्च गुणवत्ता वाला हीरा मिला।
गोविंद ने इस बेशकीमती हीरे को बुधवार को पन्ना कलेक्ट्रेट में स्थित हीरा कार्यालय में जमा कराया।गोविंद ने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि मंगलवार को वह देवी मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे, तभी रास्ते में उन्हें एक चमकीला पत्थर दिखा। पहले तो उन्होंने इसे साधारण कांच का टुकड़ा समझा, लेकिन फिर मन में विचार आया कि कहीं यह हीरा तो नहीं। अगले दिन वह इसे लेकर हीरा कार्यालय पहुंचे, जहां विशेषज्ञों ने जांच के बाद पुष्टि की कि यह वाकई में एक बेशकीमती हीरा है।
गोविंद ने कहा, “नवरात्रि के पावन अवसर पर देवी मां ने मेरी गरीबी और मुश्किलों को दूर कर दिया। मैं बहुत खुश हूं।”नीलामी में मिलने की उम्मीद अच्छी कीमत हीरा विशेषज्ञ अनुपम सिंह ने बताया कि गोविंद को मिला यह हीरा उज्जवल गुणवत्ता (जेम क्वालिटी) का है। आगामी नीलामी में इसे अच्छी कीमत मिलने की संभावना है। जानकारों के अनुसार, इस हीरे की कीमत 12 से 15 लाख रुपये के बीच हो सकती है। हीरा अधिकारी रवि पटेल ने जानकारी दी कि इस हीरे को अगली नीलामी में बिक्री के लिए रखा जाएगा। नीलामी से प्राप्त राशि में से सरकार की रॉयल्टी काटने के बाद शेष पूरी राशि गोविंद सिंह गोंड को सौंप दी जाएगी।