सोशल मीडिया पर अभिनेत्री शहनाज़ गिल का नया गाना ‘खंड लगदी’ खूब सुर्खियां बटोर रहा है। इस गाने की सफलता पर उत्साहित शहनाज़ ने एक वीडियो मैसेज के जरिए अपनी खुशी जाहिर की। वीडियो में उन्होंने कहा, “मैंने देखा कि हमारा गाना ‘खंड लगदी’ सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। आप सभी का बहुत-बहुत शुक्रिया। सिंगर जैस्मिन ने इसे बहुत खूबसूरती से गाया है। मुझे भी मन है कि थोड़ा गुनगुनाऊं, भले ही मैं उनकी तरह न गा सकूं, लेकिन कोशिश तो कर सकती हूं।”
शहनाज़ ने वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा, “खंड लगदी पूरी दुनिया में ट्रेंड कर रहा है। आपके प्यार और रील्स के लिए दिल से आभार। मेरी खराब गायकी के लिए माफी मांगती हूं।” वीडियो में शहनाज़ ने गाने की कुछ पंक्तियां गुनगुनाईं, जिसे फैंस ने बेहद पसंद किया। उनकी मासूमियत और अनोखे अंदाज ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया। फैंस ने उनकी इस कोशिश की जमकर सराहना की। एक यूजर ने कमेंट किया, “शहनाज़, आपकी आवाज में जादू है। हमारी प्यारी क्वीन, भगवान आपको हमेशा खुश रखे।” एक अन्य ने लिखा, “गाने के बोल काफी मुश्किल हैं, लेकिन आपने बहुत प्यार से गाया।” कई प्रशंसकों ने उनकी गायकी की तारीफ करते हुए कहा कि वह न सिर्फ एक्टिंग बल्कि सिंगिंग में भी कमाल की हैं।वर्क फ्रंट की बात करें तो ‘खंड लगदी’ शहनाज़ की आगामी पंजाबी फिल्म ‘एक कुड़ी’ का गाना है, जिसमें वह मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म की रिलीज पहले 19 सितंबर को तय थी, लेकिन पंजाब में बाढ़ के कारण इसे टाल दिया गया। अब यह फिल्म 31 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।