CM लाड़ली बहना योजना में ₹250 की वृद्धि: मोहन सरकार पर ₹318 करोड़ का अतिरिक्त बोझ

भोपाल: मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के लाभार्थियों के लिए इस महीने से बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा भाईदूज (23 अक्टूबर) से योजना की किस्त में ₹250 की वृद्धि की घोषणा के बाद, राज्य सरकार को अब हर महीने ₹318 करोड़ रुपए का अतिरिक्त वित्तीय प्रबंधन करना होगा। यह बढ़ी हुई राशि (₹1250 की जगह ₹1500) प्रदेश की 1.27 करोड़ लाड़ली बहनों के खातों में इसी महीने 15 अक्टूबर से पहले भेजी जा सकती है।

₹318 करोड़ का अतिरिक्त प्रबंधन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यह वृद्धि अगस्त में घोषित की थी। चूंकि मुख्यमंत्री हर माह 15 तारीख के पहले योजना की राशि ट्रांसफर करते हैं, इसलिए यह माना जा रहा है कि बढ़ी हुई ₹1500 की किस्त (₹1250 + ₹250) 15 अक्टूबर से पहले ही जमा करा दी जाएगी।

इस वृद्धि के बाद राज्य सरकार का मासिक खर्च ₹318 करोड़ बढ़ जाएगा। मुख्यमंत्री यादव ने इससे पहले अगस्त में रक्षाबंधन पर्व पर लाड़ली बहनों को ₹1250 के अलावा ₹250 अलग से दिए थे। तब 1.26 करोड़ से अधिक बहनों के खातों में ₹1 हजार 859 करोड़ से अधिक की राशि ट्रांसफर की गई थी।

गैस रिफिलिंग के लिए ₹43.90 करोड़ की सहायता

मुख्यमंत्री डॉ. यादव इसी राज्यस्तरीय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के एलपीजी कनेक्शनधारी उपभोक्ताओं और अन्य पात्र लाड़ली बहनों को गैस रिफिल की राशि भी सिंगल क्लिक से वितरित करेंगे। इस दौरान 28 लाख से अधिक बहनों को गैस सिलेंडर रिफिलिंग के लिए ₹43.90 करोड़ रुपए की सहायता राशि भेजी जाएगी।

बढ़ते कर्ज का दबाव

अक्टूबर का महीना दिवाली जैसे बड़े त्योहारों और सरकारी कर्मचारियों की मांग पूरी करने वाला है। लाड़ली बहनों को बढ़ी हुई राशि देने के कारण मोहन सरकार को इस महीने फिर आठ से दस हजार करोड़ रुपए का कर्ज लेना पड़ सकता है।

मध्य प्रदेश सरकार पर पिछले माह तक का मौजूदा कर्ज ₹4,59,640.27 करोड़ तक पहुँच चुका है। चालू वित्त वर्ष में लिए गए कर्ज का आँकड़ा बढ़कर ₹37,900 करोड़ तक पहुँच गया है, जिसमें 30 सितंबर को लिया गया ₹1 हजार करोड़ का कर्ज भी शामिल है।