पंजाब: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पिछले पाँच दिनों से मोहाली के एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं। अस्पताल द्वारा जारी मेडिकल बुलेटिन में उनकी सेहत में लगातार सुधार की बात कही गई है और उम्मीद है कि उन्हें आज (रविवार) या सोमवार तक अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है।
हालांकि, सीएम के स्वास्थ्य से जुड़ी इस खबर के बीच सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है। भाजपा नेता और दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि सीएम मान पर उनकी कुर्सी छोड़ने के लिए दबाव बनाया गया था।
‘केजरीवाल ने बनाया दबाव, कुर्सी जाने के डर से अस्पताल में भर्ती’ – सिरसा
मनजिंदर सिंह सिरसा ने एक न्यूज़ एजेंसी से बातचीत में आम आदमी पार्टी (AAP) के सुप्रीमो और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा। सिरसा ने आरोप लगाया, “देखिए मान साहब बेचारे, उन्हें तो उनकी कुर्सी से हटाने के लिए अरविंद केजरीवाल की तरफ से दबाव बनाया गया था। इसी डर के मारे भगवंत मान अस्पताल में जाकर भर्ती हो जाते हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि “हम तो भगवंत मान के साथ खड़े हैं। उनको हटाना गलत था।” सिरसा ने केजरीवाल को ‘भगोड़ा’ बताते हुए पंजाब के मामलों में हस्तक्षेप करने पर सवाल उठाया और कहा, “एक चुने हुए मुख्यमंत्री को अरविंद केजरीवाल क्यों हटाना चाहते हैं? क्यों उसके पीछे पड़े हुए हैं? उसका भविष्य पंजाब के लोग तय करेंगे।”
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के दौरे के बाद बिगड़ी तबीयत
सीएम भगवंत मान की तबीयत 3 सितंबर की रात को बिगड़ी थी। इससे ठीक एक दिन पहले, 2 सितंबर को उन्होंने बाढ़ से प्रभावित फिरोजपुर का दौरा किया था। 4 सितंबर को सुबह अरविंद केजरीवाल उनसे मिलने चंडीगढ़ स्थित सीएम आवास पर पहुंचे। इसके बाद सीएम मान ने केजरीवाल के साथ बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों के दौरे का कार्यक्रम रद्द कर दिया था। 5 सितंबर की शाम को तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें फोर्टिस अस्पताल में भर्ती करवाया गया। तबीयत खराब होने के कारण शुक्रवार शाम को होने वाली कैबिनेट मीटिंग को भी स्थगित करना पड़ा था।
नेताओं का अस्पताल पहुंचना जारी
सीएम मान से मुलाकात करने के लिए कई सीनियर नेता अस्पताल पहुंच रहे हैं। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने 8 सितंबर को उनसे मुलाकात की थी। इसके बाद सीएम मान ने अस्पताल से ही कैबिनेट मीटिंग की थी। फिलहाल, अस्पताल प्रशासन ने उनके स्वास्थ्य में तेजी से सुधार होने की जानकारी दी है।