जादू-टोना का झांसा देकर वृद्धा से लाखों की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

उज्जैन: नवरात्रि के अवसर पर मां की कृपा दिलाने और छुपा हुआ धन दिलवाने का लालच देकर एक वृद्ध महिला से लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को माधव नगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

मामला अंजूश्री कॉलोनी निवासी 84 वर्षीय कैलाशीबाई चौहान से जुड़ा है, उन्होंने थाना माधवनगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि पड़ोस में रहने वाला वासु सोनी खुद को देवी कृपा प्राप्त व्यक्ति बताकर उनके घर में पूजा-पाठ करने पहुंचा। उसने कैलाशीबाई को भरोसा दिलाया कि उनके मकान में गुप्त धन है और नवरात्रि में विशेष पूजा करने पर वह सामने आ जाएगा।

इस बहाने आरोपी ने नौ दिनों तक पूजा-अर्चना का नाटक रचा और अलग-अलग खर्चों के नाम पर रकम लेता रहा। कभी पूजा सामग्री, तो कभी मणि सिद्ध करने और धार्मिक यात्रा के लिए पैसे मांगे। धीरे-धीरे उसने 3 लाख 21 हजार रुपये हड़प लिए और बाद में गायब हो गया।

शिकायत मिलते ही पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) गुरुप्रसाद पाराशर और सीएसपी दीपिका शिंदे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राकेश भारती ने विशेष टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी। टीम ने कुछ ही समय में आरोपी को पकड़ लिया।

फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और ठगी की गई राशि की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा। साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं अन्य लोग भी इस तरह की ठगी के शिकार तो नहीं हुए।