छिंदवाड़ा, ब्यूरो। छिंदवाड़ा में कफ सिरप से बच्चों की मौत के मामले को लेकर प्रदेश के डिप्टी सीएम और स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल मंगलवार देर रात नागपुर पहुंचे। यहां उन्होंने अस्पतालों में भर्ती बीमार बच्चों का हाल जाना और उनके इलाज की समीक्षा की। नागपुर से लौटकर वे छिंदवाड़ा में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। IMA ने आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है, जिसे खत्म कराने के लिए मंत्री उनसे चर्चा करेगे। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने नागपुर के शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, एम्स और न्यू हेल्थ सिटी हॉस्पिटल में भर्ती बच्चों का हाल जाना।
उन्होंने डॉक्टरों से चर्चा के बाद कहा, बच्चों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं मिलनी चाहिए, इसमे किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शुक्ल ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और कहा कि इलाज मे आने वाला पूरा खर्च राज्य सरकार उठाएगी। उपमुख्यमंत्री शुक्ल नागपुर से निकलकर मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात को ही छिंदवाड़ा पहुंच गए थे। आईएमए के साथ बैठक के बाद पीड़ित परिवारों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद रीवा के लिए रवाना होंगे।
हड़ताली डॉक्टरों को मनाएंगे मंत्री
छिंदवाड़ा में इस समय मेडिकल इमरजेंसी जैसे हालात हैं। इसी बीच आईएमए ने आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान कर दिया है, जिससे स्थिति और गंभीर हो सकती है। इसे देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल छिंदवाड़ा में पदाधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें समझाइश देंगे और हड़ताल खत्म करने पर चर्चा करेंगे।