नवा रायपुर IIIT में सनसनी: AI से 36 छात्राओं की 1000 अश्लील तस्वीरें बनाने वाला छात्र गिरफ्तार

नवा रायपुर: भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT) में एक बेहद शर्मनाक और गंभीर मामला सामने आया है। इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (ECE) विभाग के एक छात्र ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का उपयोग करके कॉलेज की 36 छात्राओं की 1000 अश्लील तस्वीरें बना डालीं। पुलिस ने आरोपी छात्र को बिलासपुर से गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी की पहचान और कार्यशैली

गिरफ्तार छात्र की पहचान सैय्यद रहीम के रूप में हुई है। आरोपी कॉलेज के इवेंट्स के दौरान छात्राओं की तस्वीरें खींचता था। इसके बाद वह इन तस्वीरों को AI टूल के माध्यम से अश्लील तस्वीरों में बदल देता था। पुलिस ने आरोपी छात्र का लैपटॉप और मोबाइल जब्त कर लिया है, जिसमें ये 1000 अश्लील तस्वीरें मिली हैं। एएसपी दौलतराम पोर्ते ने आरोपी छात्र की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। यह मामला राखी थाना क्षेत्र का है।

प्रबंधन पर सवाल और पुलिस कार्रवाई

पुलिस जाँच में सामने आया कि आरोपी ने अपनी क्लासमेट्स को भी नहीं छोड़ा। उसने कुछ दोस्तों को ये तस्वीरें दिखाईं, जिसके बाद यह जानकारी छात्राओं तक पहुँची।

छात्राओं ने तुरंत इस मामले की शिकायत IIIT प्रबंधन से की। कॉलेज प्रबंधन ने आरोपी छात्र को सस्पेंड कर दिया था, लेकिन शुरुआती दौर में इसकी जानकारी पुलिस को नहीं दी गई। मामला छात्राओं के बीच से मीडिया तक पहुँचने के बाद, आखिरकार प्रबंधन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने FIR दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया।

कॉलेज प्रबंधन ने मामले की आंतरिक जाँच के लिए महिला स्टाफ की एक विशेष समिति भी गठित की है। यह कमेटी तकनीकी पहलुओं के साथ-साथ सोशल मीडिया और डेटा लीक की संभावना की भी जाँच करेगी और अपनी रिपोर्ट पुलिस से साझा करेगी।