नर सेवा ही नारायण सेवा है : कमल पटेल

पूर्व कैबिनेट ने हरदा के मरीजों के जाने हालचाल

हरदा: पूर्व कैबिनेट मंत्री कमल पटेल के जन्मदिन के उपलक्ष्य में बीते 6 एवं 7 अक्टूबर को हरदा के सनफ्लाबर इंग्लिश मिडियम हायर सेकंडरी स्कूल में खिलता कमल जनकल्याण सामाजिक संस्थान के सौजन्य तथा आरपी फाउंडेशन के सहयोग से पीपुल्स हॉस्पिटल भानपुर भोपाल द्वारा दो दिवसीय विशाल नि:शुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया था। दो दिवसीय शिविर में 6771 लोगों का विशेषज्ञ चिकित्सकों ने नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया। साथ ही मरीजों की आवश्यक जांच भी की गई। वहीं सभी मरीजों को नि:शुल्क दवाईयां वितरित की गई।

इस दो दिवसीय शिविर में लगभग 300 गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीजों को उन्नत उपचार के लिए चिन्हित करते हुए भोपाल के पीपुल्स हॉस्पिटल भेजा गया। जहां चिकित्सकों ने हरदा जिले के गरीब मरीजों का संपूर्ण इलाज किया। मरीजों को हरदा से वाहन सेवा के माध्यम से नि:शुल्क भोपाल भेजा गया। जहां मरीजों के आवास एवं भोजन की सुविधा भी नि:शुल्क रही।

भोपाल के पीपुल्स हॉस्पिटल में हरदा के शिविर में चिन्हित हुए गरीब वर्ग के मरीजों के हार्ट के ऑपरेशन, आंखों के ऑपरेशन, अस्थमा और टीबी जैसे गंभीर बीमारियों का इलाज नि:शुल्क किया जा रहा है। वहीं स्वास्थ्य लाभ लेने के बाद मरीज नि:शुल्क वाहन सेवा से वापस हरदा आएंगे। शनिवार को प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री कमल पटेल भोपाल के पीपुल्स हॉस्पिटल पहुंचे। जहां उपचाररत हरदा जिले के मरीजों से मुलाकात कर उनके हालचाल जाने। इस दौरान माताओं, बुजुर्गों ने श्री पटेल को आशीर्वाद देते हुए कहा कि आपने एक बेटे का फर्ज निभाकर हम गरीबों का नि:शुल्क उपचार कराया है। आज के समय में जहां सगे-संबंधी भी बीमार बुजुर्गो की सुध नहीं लेते। ऐसे में आपने हरदा में स्वास्थ्य जांच कराकर फिर भोपाल में भी इलाज की व्यवस्था कराकर हमारा ऑपरेशन कराकर संपूर्ण इलाज दिलाया। जिससे हम गरीबों को गंभीर बीमारी से राहत मिलने से नया जीवनदान मिला है।

नर सेवा ही नारायण सेवा है: पटेल

भोपाल के पीपुल्स हॉस्पिटल में उपचार करा रहे हरदा के मरीजों के जब हालचाल जानने पूर्व कैबिनेट मंत्री कमल पटेल पहुंचे तो उन्हें देखकर मरीजों के चेहरे खिल उठे। सभी मरीजों के बैड पर पहुंचकर पूव कैबिनेट मंत्री श्री पटेल ने स्वास्थ्य लाभ की जानकारी ली। इस दौरान मरीजों ने इलाज से पूर्ण संतुष्टि व्यक्त की। इस मौके पर पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री पटेल ने कहा कि हमारे लिए जन सेवा ही प्रभु सेवा है और नर सेवा ही नारायण सेवा है। नर सेवा ही नारायण सेवा के मंत्र को आत्मासात करते हुए, भविष्य में भी ऐसे अनेक सेवा कार्यों का आयोजन हरदा में करेंगे। इस दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री पटेल ने खिलता कमल जनकल्याण सामाजिक सेवा संस्थान हरदा के पदाधिकारियों, आरपी फाउंडेशन एवं पीपुल्स हॉस्पिटल भोपाल के सभी डॉक्टर्स और पूरी टीम का दिल से आभार भी जताया। जिन्होंने गरीब मरीजों का ऑपरेशन एवं संपूर्ण इलाज देकर उन्हें पूर्ण रूप से स्वस्थ्य किया है।