इंदौर के रिटायर्ड आबकारी अधिकारी धर्मेंद्र सिंह भदौरिया के यहां पड़े लोकायुक्त छापे में काली कमाई की राशि 20 करोड़ रुपए से ज्यादा की हो गई है। वहीं लोकायुक्त पुलिस अब दिवाली बाद भदौरिया के लॉकर खोलेगी। अभी लोकायुक्त में भदौरिया के सभी लॉकर और बैंक खाते फ्रिज करा दिए हैं। धर्मेंद्र सिंह भदौरिया के यहां लोकायुक्त की कार्रवाई अभी जारी है। गुरुवार को लोकायुक्त ने उसके व परिजनों के बैंक खातों की जांच की थी। सूत्रों की माने तो लोकायुक्त आज भी एक से दो लॉकर खोल सकती है।
पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त राजेश सहाय ने बताया की गुरुवार को बैंक खातों की जानकारी ली गई थी। उसके और परिवार के खातों में कुल 1 करोड़ 26 लाख 31 हजार रुपए जमा हैं। वहीं बीमा और अन्य पॉलिसी भी कुल 21 के लगभग पाई हैं जिनमें 13 लाख 90 हजार 648 रुपए किस्त भरी जाना पाई गई है। पत्नी के नाम बैंक आॅफ बड़ौदा में लॉकर पाया है।
अब तक मिले 4 लॉकर
कुल 4 लॉकर विभिन्न बैंकों में अभी पाए हैं। वहीं एक लॉकर इटावा में भी होने की जानकारी सामने आई है। लोकायुक्त ने खातों को और लॉकर को फ्रीज कराया है जो लॉकर आरोपी की उपस्थिति में खोले जाएंगे। वहीं सूर्यांश भदौरिया द्वारा विशाल पंवार के शिवा चाइनीज वॉक में भी पार्टनरशिप मिली है। अन्नपूर्णा और विजयनगर की शॉप में 40% हिस्सेदारी मिली है। इसके एवज में विशाल को 25,00,000/- रुपए सूर्यांश ने दिए हैं। इस प्रकार अभी तक कुल 20 करोड़ 24 लाख 55 हजार 169 रुपए की चल अचल संपत्ति धर्मेंद्र भदौरिया द्वारा अर्जित की गई है। वहीं आगे की कार्यवाही अभी जारी है।