राजधानी में खटलापुरा घाट सहित शहर में 50 से अधिक स्थानों पर सामूहिक छठ पूजन का आयोजन शुरू हुआ। श्रद्धालुओं ने स्नान-ध्यान कर महाव्रत का संकल्प लिया। चार दिनी छठ महोत्सव आज से नहाय-खाय से शुरू हुआ। गौरतलब है कि इस बार शहर में 50 से अधिक स्थानों पर सामूहिक छठ पूजन में करीब लाख पूर्वांचलवासी को शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। आज नहाय खाय, कल खरना और 27 को निर्जला व्रत रख डूबते सूर्य की आराधना के साथ श्रद्धालु घाटों में कमर तक पानी में खड़े होकर सूर्यदेव को अर्घ्य देंगे। व्रती स्नान-ध्यान कर शुद्ध बर्तन में चावल, दाल, लौकी की सब्जी पकाएंगे। छठ महाव्रत का संकल्प करते हुए यह भोजन प्रसाद ग्रहण किया जाएगा
प्रशासन ने घाटों पर किए सुरक्षा के सख्त इंतजाम
छठ महापर्व की तैयारी को लेकर प्रशासन भी अलर्ट है। सख्त इंतजाम किए गए हैं। इधर श्री हिंदू उत्सव समिति, भोजपुरी एकता मंच सहित अन्य सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने एडीएम, एसडीएम से कहा कि शीतलदास की बगिया सहित सभी घाटों पर पानी, शौचालय, चेंजिंग रूम सहित सभी जरूरी व्यवस्थाएं कराएं।