इंदौर: शहर के बायपास पर लगातार दूसरे दिन भयंकर ट्रैफिक जाम देखने को मिला। करीब 4 किलोमीटर तक दोनों दिशाओं में हजारों वाहन फंस गए। लगभग 2 घंटे बाद वाहनों की आवाजाही शुरू हुई, लेकिन वे रेंगते हुए ही आगे बढ़ पाए। जाम की मुख्य वजह एक ट्राले का खराब होकर बीच सड़क पर अटक जाना बना।
यह जाम कल शाम कनाडिया ब्रिज से लेकर संगम प्राइड के आगे तक फैला रहा। 4 किमी की दूरी में सैकड़ों गाड़ियां एक के बाद एक लाइन में खड़ी हो गईं। वाहन इतनी धीमी गति से चल रहे थे कि महज 15 मिनट का रास्ता पूरा करने में 2 घंटे से अधिक समय लग गया। कई ड्राइवरों ने यू-टर्न लेकर बोगदे के रास्ते मांगलिया जाने की कोशिश की, लेकिन वहां भी लंबी कतारें लगने से बार-बार जाम जैसी स्थिति पैदा हुई।
रविवार शाम संगम प्राइड के ठीक सामने एक ट्रॉले का एक तरफ का पहिया अचानक सड़क से नीचे सरक गया और वह फंसकर रुक गया। इसी दौरान पास से गुजर रहा दूसरा ट्रॉला बेकाबू होकर पहले वाले पर चढ़ गया। नतीजतन, दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। काफी प्रयास के बाद क्रेन की सहायता से ट्रॉले को हटाया जा सका। चालकों का कहना था कि जाम में गाड़ियां लगातार फंसती गईं और पीछे हटने की कोई गुंजाइश नहीं बची। बोगदों में भी वाहनों की लाइनें लगी रहीं। मुश्किल से कुछ वाहनों ने यू-टर्न लिया, जबकि अन्य बोगदों के नीचे से शहर की ओर मुड़े और देवास नाका होते हुए मांगलिया पहुंचे। रात करीब 9 बजे तक एक लेन में वाहन फंसे रहे।