चंदेरी: मध्य प्रदेश के ऐतिहासिक नगर चंदेरी में ग्रामीण पर्यटन को नई पहचान मिल रही है। मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड की ग्रामीण पर्यटन योजना के तहत विश्व के कई देशों की यात्रा कर हॉलैंड से आए 12 सदस्यीय विदेशी पर्यटक दल शुक्रवार को चंदेरी के ग्राम “दा स्टोन विलेज विक्रमपुर” पहुंचा। मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड की ग्रामीण पर्यटन योजना के तहत बने इस गांव के होम स्टे में पर्यटक दल ने रात्रि विश्राम किया और ग्रामीण जीवन का अनुभव लिया। यह दल हॉलैंड (एम्स्टर्डम) से अपनी 7 टोयोटा गाड़ियों में रवाना हुआ था। पर्यटकों ने अब तक 17 देशों की यात्रा पूरी की है। इनमें नीदरलैंड, जर्मनी, ऑस्ट्रिया, रोमानिया, बुल्गारिया, तुर्की, जॉर्जिया, अजरबैजान, ईरान, तुर्कमेनिस्तान, किर्गिस्तान, रूस, चीन, तिब्बत और नेपाल शामिल हैं। नेपाल के रास्ते भारत में प्रवेश कर यह समूह खजुराहो से होते हुए चंदेरी पहुंचा। पर्यटकों ने विक्रमपुर में बने होम स्टे में ठहरकर स्थानीय व्यंजनों का स्वाद लिया और ग्रामीणों से घुल-मिलकर उनकी संस्कृति को करीब से जाना।
एम.पी. टूरिज्म के गाइड कल्ले भाई ने दल को चंदेरी की ऐतिहासिक धरोहरों और बुनकर बस्तियों का भ्रमण कराया। दल के सदस्यों ने 700 वर्षों पुरानी चंदेरी बुनाई कला के बारे में जानकारी ली और स्थानीय वस्त्रों की खरीदारी भी की और हैंडलूम पार्क का विजिट किया।