71 जिलों के लिए 225 नाम 100 मेंबर का ‘क्राइटेरिया’

महिला कांग्रेस जिलाध्यक्षों के लिए पर्यवेक्षकों ने भेजी रिपोर्ट, अब दिल्ली पर निगाह

भोपाल: प्रदेश महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष चयन प्रक्रिया लगभग अंतिम चरण में पहुंच गई है। कांग्रेस के संगठनात्मक 71 जिलों में नियुक्त पर्यवेक्षकों ने अपनी रिपोर्ट महिला कांग्रेस को सौंप दी है। खासबात यह है कि महिला कांग्रेस ने यह तय किया है कि सदस्यता अभियान में कम से कम सौ महिलाओं को सदस्यता दिलाई होगी उन्हें जिला अध्यक्ष बनाए जाने में प्राथमिकता दी जाएगी।

महिला कांग्रेस लंबे समय से सक्रिय संगठन तैयार करने की दिशा में काम कर रही है। पार्टी की प्राथमिकता इस बार ऐसे जिला अध्यक्षों के चयन पर है जो न केवल संगठनात्मक रूप से मजबूत हो, बल्कि जमीनी स्तर पर भी सक्रिय हों। इसी उद्देश्य से हर जिलों में पर्यवेक्षकों की टीम भेजी गई थी। जिन्होंने जिला स्तर पर इच्छुक महिला दावेदारों से मुलाकात कर उनकी सदस्यता, संगठनात्मक भूमिका और स्थानीय राजनीति में प्रभाव का आकलन किया।

जिलों से करीब 225 नाम अध्यक्ष के लिए सामने आए हैं। इन सभी दावेदारों की पूरी रिपोर्ट पर्यवेक्षकों ने महिला कांग्रेस को सौंपी है। रिपोर्ट में इस बार पर विशेष फोकस किया गया है कि जिला अध्यक्ष पद की दावेदार महिला ने महिला कांग्रेस के लिए कितनी सदस्यताएं की है। संगठन ने यह तय किया है कि कम से कम 100 सदस्य बनाने वाली महिला नेताओ को प्राथमिकता दी जाएगी। यदि किसी जिले में दावेदारों में से एक से अधिक ने सौ से ज्यादा सदस्यता करवाई है तो फिर यह देखा जाएगा कि किसने अधिक सदस्य बनाए हैं साथ ही उनकी सक्रियता स्थानीय राजनीति में कितनी प्रभावी है। इसके साथ ही स्थानीय नेताओं और जनप्रतिनिधियों से भी महिला दावेदारों के लिए सहमति ली गई है। इन सभी मानक को महिला कांग्रेस अपने चयन का महत्वपूर्ण आधार बना रही है।

यह रिपोर्ट जल्द ही महिला कांग्रेस की राष्टÑीय अध्यक्ष अलका लांबा के पास भेजी जाएगी। यहां पर रिपोर्ट देखी जाएगी। इसके बाद महिला कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुनीता गावंडे, प्रदेश अध्यक्ष विभा पटेल और कार्यकारी अध्यक्ष नूरी खान, अलका लांबा के साथ मिलकर एक-एक नाम पर चर्चा करेगी, उसके बाद जिला अध्यक्षों का चयन किया जाएगा।

मॉर्निंग वॉक-योग के साथ कांग्रेस जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण का दूसरा दिन शुरू

इधर पचमढ़ी में कांग्रेस जिला अध्यक्षों के चल रहे प्रशिक्षण शिविर में दूसरे दिन की शुरूआत योग से हुई। यहां पर 69 जिला अध्यक्षों ने अपने नेताओं के साथ योग किया। दो जिला अध्यक्ष यहां पर नहीं पहुंचे हैं। योग से पहले सभी जिलाध्यक्षों को मॉर्निंग वॉक और जॉगिंग के लिए भी बुलाया गया। योग करने के बाद जिला अध्यक्षों की क्लास शुरू हुई। सोमवार को पहली क्लास सचिन राव ने ली। राव अखिल भारतीय कांग्रेस के प्रशिक्षण विभाग के इंचार्ज हैं। उनके साथ दस सदस्यों की टीम यहां पर पहुंची है। ये सभी ट्रैनिंग देंगे। वहीं रविवार की रात में अधिकांश कांग्रेस ने पचमढ़ी के बाजार में निकले और यहां के दुकानदारों से उन्होंने मुलाकात की।