कलेक्टर सोनिया मीना ने नोडल अधिकारी नियुक्त किए
नर्मदापुरम्: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 प्रक्रिया के संबंध में जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन सभी प्रशिक्षण कार्यक्रमों में बीएलओ को बीएलओ एप, मतदाता गणना प्रपत्र, मतदाताओं की जानकारी प्रपत्र में अद्यतन किए जाने के संबंध में विशेष रूप से क्रमबद्ध तरीके से समझाया गया। इस दौरान निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ने भी अपनी सहभागिता दी और समस्त बीएलओ की जिज्ञासाओं का समाधान किया।
अपर कलेक्टर राजीव रंजन पांडे एवं एसडीएम निलेश शर्मा के मार्गदर्शन में विधानसभा क्षेत्र नर्मदापुरम एवं सोहागपुर के बीएलओ का प्रशिक्षण ऑडिटोरियम इटारसी में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण के दौरान बीएलओ को गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई। इसी क्रम में विधानसभा क्षेत्र पिपरिया अंतर्गत बीएलओ प्रशिक्षण शासकीय कन्या छात्रावास पिपरिया में आयोजित हुआ, जिसमें निर्वाचन संबंधी कार्यप्रणाली की चरणबद्ध जानकारी प्रदान की गई।
सिवनी मालवा में एसडीएम एवं रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा समस्त एईआरओ और मास्टर ट्रेनर्स की उपस्थिति में बीएलओ को विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया 2025 के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। गर्ल्स कॉलेज में आयोजित प्रशिक्षण सत्र में अपर कलेक्टर राजीव रंजन पांडे द्वारा उपस्थित बीएलओ को मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया गया और सटीक डेटा संकलन की महत्ता पर बल दिया गया।
वहीं माखननगर में भी बीएलओ को विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया 2025 के संबंध में प्रशिक्षण प्रदान कर प्रक्रिया से अवगत कराया गया। प्रशिक्षण के दौरान बीएलओ एप के उपयोग तथा मतदाता गणना प्रपत्र भरने की विस्तृत जानकारी दी गई, जिससे वे अपने क्षेत्र में मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य प्रभावी रूप से कर सकें।
एसआईआर हेतु कलेक्टर सोनिया मीना ने किए नोडल अधिकारी नियुक्त- कलेक्टर सोनिया मीना द्वारा मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम अनुसार प्रक्रिया के सफल संचालन हेतु जिले में पदस्थ अधिकारियों को नोडल अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया है। ये सभी अधिकारी संपूर्ण प्रक्रिया के दौरान दिए गए दायित्वों का निर्वहन करेंगे। कलेक्टर द्वारा जारी निर्देश अनुसार जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन पूरे कार्यक्रम के दौरान जागरूकता अभियान हेल्प डेस्क एवं प्रचार प्रसार के लिए नोडल अधिकारी रहेंगे।