15 हजार लोगों के लिए बनेगा 4 लेन रोड
भोपाल एम्स की सुरक्षा दृष्टि को ध्यान में रखते हुए गेट नंबर 2 साकेत नगर की ओर से एमराल्ड पार्क कॉलोनी की ओर जाने वाले अंदरूनी रास्ते को अब बंद करने की तैयारी है। लेकिन इससे पहले यहां से निकलने वाले करीब 15 हजार लोगों के लिए एमराल्ड पार्क कॉलोनी से पिपलिया पेंदे खां की ओर जाने वाली सिंगल लेन रोड को 4 लेन बनाया जाएगा। ताकि, यहां से रोजाना गुजरने वाले करीब 15 हजार लोगों को परेशानी न हो सके।
एम्स प्रबंधन का कहना है कि इससे परिसर सुरक्षित होगा। जानकारी के अनुसा इस प्रस्तावित फोरलेन रोड का निर्माण पीडब्ल्यूडी करेगा। एम्स प्रबंधन ने जिला प्रशासन व पीडब्ल्यूडी अफसरों की सहमति से इस बारे में विस्तृत योजना तैयार की है। यही नहीं पीडब्लयूडी की ओर से करीब 2 किलोमीटर लंबी रोड के चौड़ीकरण का प्रस्ताव बनाकर कलेक्टर को भेज दिया है। बजट स्वीकृति के बाद सड़क निर्माण के लिए कागजी कार्रवाई शुरू की जाएगी। इस बारे में कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह का कहना है कि एम्स की रोड के संबंध में कार्यवाही की जा रही है। एम्स की सुरक्षा के साथ ही साथ आमजन की सुविधाओं का भी ध्यान रखा जा रहा है।