दो बार की ओलंपियन इलावेनिल वालारिवान ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन दिखाया लेकिन कांस्य पदक ही जीत सकीं जबकि सेना के अनुभवी निशानेबाज रविंदर सिंह ने आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप (पिस्टल और राइफल) के पहले दिन 50 मीटर फ्री पिस्टल स्पर्धा में व्यक्तिगत स्वर्ण जीतकर भारत को गौरवान्वित किया।
इलावेनिल (26 साल) फाइनल में बढ़त बनाने के बाद पोडियम में शीर्ष स्थान हासिल करने के लिए अच्छी स्थिति में थीं लेकिन 19वें शॉट में 10.0 अंक से वह तीसरे स्थान पर खिसक गईं और यहीं से उनकी लय टूट गई। इसके बाद वह 22वें शॉट में 9.9 अंक ही बना सकी और 232 के स्कोर से तीसरे स्थान पर रहीं। दक्षिण कोरिया की बान ह्योजिन न् 255.0 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता। चीन की वांग जिफेई 254.0 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। इलावेनिल, मेघना सज्जनार और श्रेया अग्रवाल की भारतीय महिला टीम ने 1893.3 के कुल स्कोर के साथ कांस्य पदक जीता जबकि चीन (1901.7) और दक्षिण कोरिया (1899.9) ने क्रमश: स्वर्ण और रजत पदक जीता। वहीं ओलंपियन अर्जुन बबूता पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा के फाइनल में सातवें स्थान पर रहे जबकि पूर्व विश्व चैंपियन रूद्रांक्ष पाटिल और विशाल सिह क्रमश: 13वें और 61वें स्थान पर रहे। बबूता, रूद्रांक्ष और विशाल की भारतीय टीम ने 1891 का स्कोर बनाकर चौथे स्थान पर रही। भारत एक स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदक से तालिका में तीसरे स्थान पर बना हुआ है। चीन तीन स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक से शीर्ष पर है।