भोपाल: निगम के आईएसबीटी में बने परिषद हाल में अब सरकारी और गैरसरकारी सेक्टर अपनी मीटिंग और सेमिनार का आयोजन कर सकेंगे। दरअसल, परिषद हाल में दो माह में एक बार परिषद की बैठक होती है, अन्य समय में यह खाली रहता है। इसलिए निगम ने उक्त हाल से राजस्व बढ़ाने के उद्देश्य से इसे आवंटित करने की सहमति दी है।
हालांकि इसका उपयोग धार्मिक, राजनैतिक, वैवाहिक, जन्म दिन आदि कार्यक्रम के लिए नहीं किया जा सकेगा। इसका उपयोग करने के लिए एक दिन का शुल्क 50 हजार रुपए का भुगतान जोनल अधिकारी के माध्यम से निगम को करना होगा। हाल को आरक्षित करने का अधिकार निगम आयुक्त का रहेगा। आईएसबीटी परिषद हाल के आरक्षण के लिए आयोजन के 15 दिन पूर्व जोन अधिकारी को सिक्योरिटी के लिए दस हजार रुपए जमा करने होंगे। निगम परिषद ने इस प्रस्ताव को पूर्व में हुई बैठक में मंजूरी दे दी थी। उक्त हाल का आरक्षण सात दिन से ज्यादा की अवधि के लिए नहीं होगा। हाल की गरिमा को बनाए रखने के लिए खाना-पीना, चाय, नाश्ता, धूम्रपान और अल्कोहल प्रतिबंधित रहेगा।
ऐसे करते पाए जाने पर जुमार्ना लगाया जाएगा। खानपान के लिए बफेट हाल, पेन्ट्री का उपयोग करने की अनमुति रहेगी। हाल में लगे साउंड सिस्टम का उपयोग किया जा सकेगा, लेकिन इसके अतिरिक्त किसी अन्य म्युजिक व्वयस्था नहीं की जा सकेगी।