भोपाल: राजधानी में यातायात यानी ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए जिला प्रशासन की कवायद तेज हो गई है। इस संबंध में करीब एक महीने से काम जारी है। अब यह काम अंतिम चरणों में चल रहा है। बताया जा रहा है कि जिला प्रशासन के नेतृत्व में शहर में सर्वे के लिए जिन टीमों का गठन किया गया था, उनका सर्वे का काम पूरा कर लिया गया है। यह रिपोर्ट अगले दो-तीन दिनों में सबमिट हो जाएगी। इसके बाद शहर के ट्रैफिक में आने वाली बाधाओं को हटाने के लिए जल्द ही रूट मैप तैयार किया जा रहा है। यह काम अगले महीने से शुरू होगा। दरअसल, अगले सप्ताह लगातार चार दिनों तक शहर में तब्लीगी इज्तिमा का आयोजन होने के कारण जिला प्रशासन सहित अन्य विभागों के अफसर/कर्मचारी व्यस्त रहेंगे। इस कारण इज्तिमा खत्म होने के बाद यानी 17 नवंबर के बाद इस संबंध में कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह बैठक करके आगामी निर्णय लेकर ट्रैफिक व्यवस्या को सुधारने के संबंध में काम किया जाएगा। बताया जा रहा है कि शहर में आधा दर्जन से अधिक टीमों ने बीते सात दिनों तक इस संबंध में सर्वे का काम किया गया। इसमें एसडीएम, नगर निगम, स्मार्ट सिटी, आरटीओ और ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी शामिल रहे। जिला प्रशासन इस बैठक में सबसे पहले तय हुए स्थानों पर अतिक्रमण हटाने के लिए कार्ययोजना बनाकर काम करेगा।