भोपाल: राजधानी भोपाल की सेंट्रल जेल में बंद कैदियों के लिए अब यह राहत भरी खबर है। कैदी के परिजन अब घर बैठे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंक के माध्यम से अपने परिजनों से मिलाई कर सकेंगे। क्योंकि सेंटल जेल में ई-मुलाकात प्रणाली सिस्टम अब चालू कर दिया गया है। इस नई सुविधा के तहत अब कोई भी व्यक्ति वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से घर बैठे कैदियों से ऑनलाइन मुलाकात कर सकता है। इस व्यवस्था में सबसे अच्छी बात यह है कि वीडियो कॉल के माध्यम से परिवार के सभी सदस्यों से आसानी से बातचीत हो जाएगी। जबकि जेल परिसर में होने वाली मिलाई में चंद लोग ही मिल सकते हैं। जेल विभाग के अफसरों का कहना है कि यह पहल ना केवल जेलों में पारदर्शिता और व्यवस्था बढ़ाने में मदद करेगी, बल्कि कैदियों को भी अपने परिजनों से संपर्क बनाए रखने का अवसर देगी, जिससे उनके मानसिक और सामाजिक पुनर्वास में सहायता मिलेगी।
सप्ताह में एक बार कर सकेंगे मुलाकात
इस सुविधा के तहत प्रत्येक बंदी सप्ताह में अधिकतम एक बार मुलाकात कर सकता है। इच्छुक व्यक्ति जेल जाकर भौतिक रूप से मुलाकात कर सकते हैं या फिर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए घर बैठे बातचीत कर सकते हैं। इस सुविधा का मुख्य उद्देश्य जेलों में कैदियों के अधिकारों की रक्षा करना और उनके परिजनों को एक सरल और पारदर्शी माध्यम प्रदान करना है, जिससे वे बिना किसी असुविधा के अपने परिजनों से संपर्क कर सकें।