छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में वाड्रफनगर ब्लॉक की प्राथमिक शाला मचानडांड कोगवार के सहायक शिक्षक एलबी प्रवीण टोप्पो को निलंबित कर दिया गया है। उन पर गंभीर आरोप लगा कि वे अंग्रेजी के बुनियादी शब्दों जैसे नाक (Nose), कान (Ear) और आंख (Eye) की सही वर्तनी तक नहीं जानते। इतना ही नहीं, सप्ताह के दिनों के नाम तथा फादर, मदर, ब्रदर, सिस्टर जैसे शब्दों की स्पेलिंग भी उन्हें नहीं आती थी। वे कक्षा में बच्चों को गलत वर्तनी सिखा रहे थे और ब्लैकबोर्ड पर भी यही लिखकर दिखा रहे थे। इसी दौरान किसी ने इसका वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि शिक्षक नोज की जगह ‘Noge’, इयर की जगह ‘Eare’ और आई की जगह ‘ley’ लिखवाते नजर आ रहे हैं। इसके अलावा दिनों के नाम, शरीर के अंगों और पारिवारिक रिश्तों से जुड़े अंग्रेजी शब्दों की वर्तनी भी बोर्ड पर गलत लिखी गई थी।
शिक्षा विभाग की हुई फजीहत
वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग की खासी किरकिरी हुई। शिक्षक के ज्ञान और योग्यता पर सवाल उठने लगे। जिला शिक्षा अधिकारी एमआर यादव ने तुरंत मामले की जांच कराई और संकुल समन्वयक को स्कूल भेजा। जांच में पुष्टि हुई कि बच्चों को वाकई गलत वर्तनी सिखाई जा रही थी। इसके आधार पर सहायक शिक्षक प्रवीण टोप्पो को फौरन निलंबित कर दिया गया।
इस स्कूल में कुल 42 बच्चे पढ़ते हैं और यहां दो शिक्षकों की तैनाती थी। निलंबन के बाद अब सिर्फ एक शिक्षक बचा है। अभिभावकों का कहना है कि गलत शिक्षा से बच्चों का भविष्य खतरे में पड़ जाएगा। उन्होंने मांग की है कि कोगवार प्राइमरी स्कूल में जल्द दूसरा योग्य शिक्षक नियुक्त किया जाए, ताकि बच्चों को सही पढ़ाई मिल सके।