इंदौर: साइबर अपराधियों ने एक व्यक्ति को ऑनलाइन ऐप के जरिए शेयर बाजार में भारी लाभ का लालच देकर 20 लाख 10 हजार 840 रुपये की धोखाधड़ी की। ठगों ने जिस ‘डेक्स’ नामक ऐप की लिंक भेजकर रजिस्ट्रेशन करवाया, वह वास्तव में कोई ट्रेडिंग गतिविधि नहीं करता। क्राइम ब्रांच ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनके बैंक खातों को फ्रीज कर दिया है और बैंकिंग तथा तकनीकी विवरण जुटाकर उनकी खोजबीन शुरू कर दी है।
पीड़ित ने क्राइम ब्रांच में दी शिकायत में खुलासा किया कि 28 अगस्त को अनामिका और नितेश नाम के अज्ञात कॉलर्स ने मोबाइल पर संपर्क किया। उन्होंने वॉट्सऐप से ‘डेक्स’ ऐप का लिंक भेजा और रजिस्ट्रेशन कराने के बाद ट्रेडिंग से ऊंचा मुनाफा देने का झांसा दिया। ठगों ने लिंक के माध्यम से पैसे जमा करवाकर यूएसडीटी क्रेडिट दिखाया और ट्रेडिंग कराते रहे। हर बार अच्छा लाभ दिखाकर कमीशन के नाम पर अतिरिक्त राशि मांगते रहे।
पीड़ित ने भरोसा कर 11 सितंबर से 22 सितंबर के बीच ठगों द्वारा दिए गए बैंक खातों और यूपीआई आईडी में कुल 20 लाख 10 हजार 840 रुपये जमा किए। जब मुनाफा निकालने की मांग की तो पहले अतिरिक्त कमीशन जमा करने को कहा गया। शक होने पर जांच की तो पता चला कि ‘डेक्स’ ऐप कोई ट्रेडिंग नहीं करता। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।