ग्वालियर-झांसी राजमार्ग पर आज सुबह एक भयानक सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें पांच युवकों की जान चली गई। टक्कर इतनी तेज थी कि फॉर्च्यूनर कार के टुकड़े-टुकड़े हो गए और शव उसमें बुरी तरह फंस गए। बाद में कटर मशीन की मदद से वाहन के हिस्सों को काटकर शवों को निकाला गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मृतकों की शिनाख्त अभी तक नहीं हो सकी है, पुलिस इस काम में जुटी हुई है।
इस दिल दहला देने वाले हादसे में फॉर्च्यूनर में सवार सभी पांच लोग मौके पर ही मारे गए। दृश्य इतना भयावह था कि वहां मौजूद लोग कांप उठे। कार पूरी तरह क्षतिगस्त हो गई और शव ट्रैक्टर-ट्रॉली तथा वाहन के बीच दब गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से काफी प्रयास के बाद कटर से गाड़ी काटी और शव बाहर निकाले।
जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब साढ़े छह बजे एमपी 07 सीजी 9006 नंबर की तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर झांसी की तरफ से आ रही थी। मालवा कॉलेज के पास मोड़ पर रेत लदी ट्रॉली अचानक सामने आ गई। तेज गति के कारण चालक वाहन नहीं संभाल सका और फॉर्च्यूनर ट्रॉली में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का आधा हिस्सा ट्रॉली के नीचे दब गया।