सीआरपीएफ इंस्पेक्टर अच्युतानंद गिरफ्तार: नौकरी के नाम पर लाखों की ठगी का आरोप

भोपाल स्थित सीबीआई की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) ने सीआरपीएफ के एक इंस्पेक्टर को नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बंगरसिया स्थित सीआरपीएफ इकाई में तैनात इंस्पेक्टर अच्युतानंद आजाद के रूप में हुई है।

सीबीआई ने 2 सितंबर 2025 को अच्युतानंद आजाद के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 120-बी (आपराधिक षड्यंत्र) के साथ धारा 420 (ठगी) तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम-1988 (2018 में संशोधित) की धारा-7 के तहत नियमित मामला दर्ज किया था।

आरोप है कि वर्ष 2023 से 2025 के बीच अच्युतानंद ने अपने अज्ञात साथियों के साथ मिलकर सीआरपीएफ सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में उम्मीदवारों को नौकरी लगवाने के झांसे में लाखों रुपये वसूले। जांच में सामने आया कि उसने यह रकम अपने निजी बैंक खातों, पत्नी के खातों तथा अपनी साझेदारी वाली फर्म “परी तितली इंटरप्राइजेज” के खाते में बिचौलियों के जरिए ट्रांसफर करवाई थी।

जांच आगे बढ़ने पर पता चला कि आरोपी गवाहों को धमकी दे रहा था और सबूतों को नष्ट करने व जांच को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा था। इसी आधार पर सीबीआई की टीम ने 17 नवंबर 2025 की रात करीब 9 बजे उसे गिरफ्तार कर लिया।

18 नवंबर को उसे भोपाल स्थित विशेष सीबीआई न्यायालय में पेश किया गया, जहां न्यायाधीश ने उसे दो दिन की सीबीआई रिमांड (20 नवंबर तक) पर भेज दिया। फिलहाल पूछताछ जारी है और अन्य शामिल लोगों की तलाश की जा रही है।