आज, 20 नवंबर की सुबह दिल्ली से रायपुर लैंड होने वाली फ्लाइट नंबर 6E6476 को अचानक तकनीकी खराबी के कारण छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में उतरने की अनुमति नहीं मिल पाई, जिसके चलते विमान को तत्काल भुवनेश्वर की ओर डायवर्ट कर दिया गया। जानकारी के मुताबिक, यह फ्लाइट सुबह 9:15 बजे दिल्ली से रवाना हुई थी, लेकिन विमान में तकनीकी समस्या आने के कारण यह डाइवर्जन करना पड़ा।
विमान के निर्धारित समय पर रायपुर न पहुँचने के कारण यहाँ से दिल्ली जाने वाले यात्री एयरपोर्ट पर घंटों तक परेशान होते रहे। इस अप्रत्याशित देरी से कई यात्रियों की आगे की कनेक्टिंग फ्लाइट्स और उनके काम के शेड्यूल पर सीधा असर पड़ा है। यही विमान आगे रायपुर से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाला था, जिसका पूरा शेड्यूल अब प्रभावित हो गया है।
एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया है कि विमान में आई तकनीकी समस्या की जाँच पूरी होने के बाद ही फ्लाइट को रायपुर वापस लाने और दिल्ली के लिए आगे रवाना करने की तैयारी की जा रही है। हालाँकि, उड़ान के नए समय की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं की गई है, जिससे यात्रियों में असंतोष और निराशा बढ़ रही है।
गौरतलब है कि रायपुर एयरपोर्ट पर बार-बार ऐसी तकनीकी दिक्कतों से यात्रियों में नाराजगी बढ़ रही है। लगभग दो महीने पहले, 9 सितंबर को भी बिजली गिरने की वजह से एयरपोर्ट का नेविगेशन सिस्टम पूरी तरह फेल हो गया था। उस घटना के कारण छह उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा था और चार फ्लाइटें रद्द कर दी गई थीं, जिससे दिल्ली, कोलकाता, बेंगलुरु और इंदौर जैसे शहरों की कनेक्टिविटी बुरी तरह प्रभावित हुई थी।