पॉपुलर इन्फ्लूएंसर ओरहान अवत्रमणि, जिन्हें ओरी (Orry) के नाम से जाना जाता है, उन्हें ₹252 करोड़ के ड्रग्स केस के सिलसिले में एंटी नारकोटिक्स सेल (ANC) ने नोटिस जारी किया है। न्यूज एजेंसी रिपोर्ट के अनुसार, ओरी को इस मामले में पूछताछ के लिए बुधवार (20 नवंबर) को सुबह करीब 10 बजे ANC के घाटकोपर स्थित कार्यालय में पेश होने का आदेश दिया गया है, जहाँ उनसे ड्रग्स रैकेट के संबंध में पूछताछ की जाएगी।
ओरी को इस मामले में जांच के दायरे में तब लिया गया है जब दाऊद इब्राहिम के सहयोगी ड्रग तस्कर सलीम डोला के बेटे ताहेर डोला से पूछताछ के दौरान कई बॉलीवुड हस्तियों के नाम सामने आए हैं। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, ANC ने ताहेर डोला को अगस्त में दुबई से प्रत्यर्पित (Extradited) किया था।
ताहेर डोला ने अपने बयान में दावा किया है कि भारत और विदेशों में आयोजित होने वाली ड्रग्स पार्टियों में बॉलीवुड एक्टर्स, मॉडल्स, रैपर्स, फिल्ममेकर, और अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के रिश्तेदार भी शामिल होते थे। पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, डोला ने दावा किया है कि इन पार्टियों में मेफेड्रोन (Mephedrone) जैसी ड्रग्स की सप्लाई की जाती थी। इन पार्टियों में शामिल होने वाले लोगों में अभिनेत्री श्रद्धा कपूर, उनके भाई सिद्धार्थ कपूर, ओरी, नोरा फतेही, अलीशा पारकर (हसीना पारकर का बेटा), पॉपुलर फिल्ममेकर जोड़ी अब्बास-मस्तान, रैपर लोका, और बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी जैसे नाम शामिल हैं।
गौरतलब है कि श्रद्धा कपूर और उनके भाई सिद्धार्थ कपूर ने साल 2017 में रिलीज हुई फिल्म ‘हसीना पारकर’ में क्रमशः दाऊद इब्राहिम की बहन हसीना और दाऊद इब्राहिम का किरदार निभाया था।
आरोपों पर नोरा फतेही ने दी सफाई
इस ड्रग्स केस में अपना नाम सामने आने के बाद अभिनेत्री नोरा फतेही ने अपनी सफाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखते हुए कहा कि वह पार्टियों में नहीं जाती हैं, हमेशा फ्लाइट्स पर रहती हैं, और एक वर्कहॉलिक होने के कारण उनकी कोई निजी जिंदगी नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह ऐसे लोगों के साथ जुड़ती भी नहीं हैं और छुट्टियों में वह या तो दुबई में बीच पर या अपने हाई स्कूल के दोस्तों के साथ घर पर होती हैं।
नोरा ने आगे लिखा कि जो कुछ भी लोग पढ़ते हैं, उस पर भरोसा न करें और ऐसा लगता है कि उनका नाम इस्तेमाल करना बहुत आसान हो गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि वह इस बार ऐसा नहीं होने देंगी, और पहले भी जब झूठ फैलाकर उनकी छवि खराब करने की कोशिश की गई थी, तो वह कामयाब नहीं हुई थी। उन्होंने अंत में कहा कि कृपया उनका नाम और तस्वीर उन मामलों में इस्तेमाल करने से बचें जिनका उनसे कोई संबंध नहीं है, क्योंकि ऐसा करने पर भारी कीमत चुकानी पड़ सकती है।