प्रिंसिपल ने  6वीं के छात्र को थप्पड़ मारकर किया बेहोश, परिजनों ने दर्ज कराई शिकायत

राजधानी भोपाल के ईदगाह हिल्स स्थित गुरुनानक हायर सेकेंडरी स्कूल में मंगलवार दोपहर एक 12 वर्षीय छात्र के साथ स्कूल प्रिंसिपल द्वारा मारपीट और अभद्र व्यवहार का गंभीर मामला सामने आया है। छठी कक्षा के इस छात्र के परिजनों ने स्कूल प्रिंसिपल सुरजीत कौर पर बच्चे को 10-15 थप्पड़ मारने, गाली-गलौज करने, भविष्य खराब करने की धमकी देने और पिटाई के कारण बेहोशी की हालत में छोड़ने का संगीन आरोप लगाया है। घटना के बाद, बच्चे के माता-पिता ने शाहजहाँनाबाद थाने में प्रिंसिपल और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए शिकायत दर्ज करवाई है।

बच्चे के पिता ने पुलिस को बताया कि उन्हें मंगलवार दोपहर 2:08 बजे स्कूल से कॉल आया था कि बेटे की तबीयत खराब है और उन्हें तुरंत स्कूल पहुँचना चाहिए। स्कूल पहुँचने पर उन्होंने देखा कि उनका बेटा अस्त-व्यस्त हालत में था, उसके चेहरे पर सूजन और थप्पड़ों के साफ निशान थे। बच्चा साँस लेने में तकलीफ महसूस कर रहा था और इसी दौरान वह अचानक बेहोश हो गया। आनन-फानन में उसे चिरायु अस्पताल ले जाया गया, जहाँ होश आने पर बेटे ने पूरी घटना बताई। छात्र ने बताया कि सहपाठी से विवाद होने के बाद उसकी क्लास टीचर उसे प्रिंसिपल सुरजीत कौर के पास ले गईं, जहाँ प्रिंसिपल ने स्कूल कॉरिडोर में ही उसे 10-15 थप्पड़ मारे।

पिता की शिकायत के अनुसार, प्रिंसिपल पहले भी उनके बेटे को बुलाकर टीसी देने या उसका साल खराब कर देने की धमकियाँ देती रही हैं। जब पिता ने घटना को लेकर प्रिंसिपल से बात करनी चाही, तो उन्होंने उनसे भी बदसलूकी की और उन्हें जबरदस्ती स्कूल से बाहर निकाल दिया। शिकायत दर्ज कराने के बाद, प्रिंसिपल ने विरोध स्वरूप, उसी स्कूल में नौवीं कक्षा में पढ़ने वाली उनकी बेटी को भी ऑनलाइन क्लास वाले व्हाट्सऐप ग्रुप से हटा दिया है।

बच्चे की माँ ने बताया कि जब वे स्कूल पहुँचे, तो उनका बेटा बेहोशी की हालत में था। बातचीत के दौरान, प्रिंसिपल सुरजीत कौर बाहर आईं और बच्चे की माँ से अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए पूछा, “क्या गुंडा बनाओगी अपने बेटे को?” इसके बाद उन्हें स्कूल से ज़बरदस्ती बाहर कर दिया गया। परिजनों ने पुलिस से स्कूल के सीसीटीवी फुटेज को सुरक्षित रखने की मांग की है और प्रिंसिपल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, क्योंकि बच्चे को कुछ हो जाता तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेता।

इस मामले पर प्रतिक्रिया जानने के लिए प्रिंसिपल सुरजीत कौर से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। वहीं, स्कूल प्रबंधन ने भी इस घटना या अपने पक्ष को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। शाहजहाँनाबाद थाना प्रभारी यूपीएस चौहान ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है और बताया है कि पुलिस गुरुवार को स्कूल के सीसीटीवी फुटेज की जाँच करेगी, जिसके बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।