राजधानी भोपाल के दो प्रमुख क्षेत्रों—कोलार और बैरागढ़— को बेहतर बुनियादी ढाँचा प्रदान करने की दिशा में आज एक बड़ा कदम उठाया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार को 155 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सीवेज सिस्टम का भूमिपूजन करेंगे। इसके साथ ही, वह कोलार में नवनिर्मित स्टेडियम का लोकार्पण भी करेंगे।
हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने बताया कि यह कार्यक्रम आज डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम, बंजारी मुखर्जी नगर (कोलार) में आयोजित होगा। इस दौरान मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, विश्वास कैलाश सारंग, राव उदयप्रताप सिंह, चैतन्य कश्यप, कृष्णा गौर समेत सांसद और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।
अमृत 2.0 के तहत बिछेगा सीवेज नेटवर्क
‘अमृत 2.0’ योजना के तहत बिछाए जाने वाले इस सीवेज सिस्टम पर कुल 155 करोड़ रुपए लागत आएगी और यह प्रोजेक्ट तीन साल में, यानी नवंबर-2028 तक, पूरा होगा। इस सीवेज नेटवर्क का सीधा लाभ बैरागढ़ के 3 वार्ड (4, 5-6) और कोलार के 6 वार्ड (80 से 85) के निवासियों को मिलेगा, जिससे कुल डेढ़ लाख लोगों को फायदा पहुँचेगा और 20 हजार घरों में सीवेज कनेक्शन होंगे।
परियोजना के तहत लाउखेड़ी में एक एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) का निर्माण किया जाएगा, जबकि गुफा मंदिर, भैरवपुर, दीपड़ी, छाप और बर्रई में पंपिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। इसके अलावा, पूरे नेटवर्क में 5,284 मैन होल चैंबर और 10,568 चैंबर भी बनाए जाएंगे। इस प्रोजेक्ट से कोलार रोड की सिंगापुर सिटी, जेके टाउन, कटारा, 11 मील, और बैरागढ़ की सिंधू मार्केट, हलालपुरा, संत हिरदाराम नगर सहित आसपास की सभी कॉलोनियों को सीवेज की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी।
सांदीपनि स्कूल और स्टेडियम का लोकार्पण
सीवेज सिस्टम के भूमिपूजन के अतिरिक्त, मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज दो अन्य प्रमुख परियोजनाओं का लोकार्पण और शुभारंभ भी करेंगे। वह कटारा बर्रई में 29 करोड़ रुपए से निर्मित सांदीपनि स्कूल का शुभारंभ करेंगे, जबकि बंजारी में ही 10 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम का लोकार्पण किया जाएगा।