ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर फतेहगढ़ युवक से 7.5 लाख की ठगी

फतेहगढ़ साहिब जिले के सरहिंद क्षेत्र के रहने वाले युवक गगनदीप सिंह के साथ इमिग्रेशन कंपनी ने धोखाधड़ी की है। ऑस्ट्रेलिया भेजने का लालच देकर उनसे कुल साढ़े सात लाख रुपए ठग लिए गए। पीड़ित ने अपनी पूरी कमाई और घर का सोना तक गिरवी रखकर यह रकम जुटाई थी। अब हर महीने 16 हजार रुपए की किस्त चुकानी पड़ रही है, लेकिन न तो वीजा लगा और न ही पैसे वापस हुए।आखिरकार गगनदीप ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और पुष्टि होने पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

ठगी की पूरी कहानी पांच बिंदुओं में:

सोशल मीडिया विज्ञापन का लालच

गगनदीप सिंह पहले इंग्लैंड में काम करके लौटे थे। विदेश में फिर नौकरी करने की इच्छा थी। सोशल मीडिया पर एक इमिग्रेशन कंपनी का आकर्षक विज्ञापन देखा, जिसमें ऑस्ट्रेलिया भेजने का वादा था। संपर्क करने पर कंपनी ने उन्हें अपने जाल में फंसा लिया।

मोहाली की नामी कंपनी को दिए 7.5 लाख रुपए

कंपनी का दफ्तर मोहाली फेज-3 में है। वहां के मालिकों ने दावा किया कि 482 सबक्लास वीजा (टेंपरेरी स्किल शॉर्टेज वीजा) लगवा देंगे। इसी भरोसे गगनदीप ने पूरी रकम जमा कर दी।

एक साल से चक्कर काट रहे, कोई जवाब नहीं

2 अक्टूबर 2024 को ठीक एक साल पूरा हो चुका है। कंपनी वाले न तो वीजा प्रोसेस कर रहे हैं, न पैसे लौटा रहे हैं। जब भी गगनदीप दफ्तर जाते हैं तो 5-10 हजार रुपए देने की बात टालते हैं, जबकि आने-जाने में ही हजारों रुपए खर्च हो जाते हैं।

सारी बचत खत्म, सोना गिरवी रखना पड़ा

इंग्लैंड से कमाई हुई पूरी सेविंग इस कंपनी को दे दी। जब पैसे कम पड़े तो घर का सोना गिरवी रखकर बाकी रकम जुटाई। अब हर महीने 16 हजार रुपए ब्याज की किस्त भरनी पड़ रही है, जिससे परिवार पर भारी आर्थिक बोझ पड़ गया है।

शिकायत करने वालों को डराने और कंपनी का नाम बदलने का खेल

गगनदीप ने बताया कि पहले उन्हें विश्वास था कि कंपनी उन्हें भेज देगी, इसलिए चुप रहे। अब पता चला कि जो भी शिकायत या विरोध करता है, ये लोग कंपनी का नाम बदलकर भाग जाते हैं और इसी तरह धंधा चलाते रहते हैं।

पुलिस का बयान

थाना सरहिंद के SHO अमनदीप सिंह कंबोज ने कहा, “हमें गगनदीप सिंह की लिखित शिकायत मिली है। सभी दस्तावेजों और लेन-देन की जांच की जा रही है। अगर ठगी साबित हुई तो संबंधित लोगों के खिलाफ तुरंत FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”