दंतेवाड़ा-बीजापुर बॉर्डर पर 5 नक्सली ढेर, एक जवान शहीद

 छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा-बीजापुर बॉर्डर पर पुलिस और नक्सलियों के बीच भीषण एनकाउंटर चल रहा है। बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी. ने एनकाउंटर की पुष्टि की है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस मुठभेड़ में 5 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है, जबकि सुरक्षाबलों का एक जवान शहीद हुआ है और एक अन्य जवान घायल है। दोनों तरफ से रुक-रुक कर फायरिंग जारी है।

हिड़मा के मारे जाने के बाद बड़ा ऑपरेशन

यह मुठभेड़ ऐसे समय में हो रही है जब 16 दिन पहले ही देश के सबसे खूंखार नक्सली कमांडरों में से एक माड़वी हिड़मा 18 नवंबर को मारे गए थे।

जानकारी के मुताबिक, DRG (जिला रिजर्व गार्ड), STF (स्पेशल टास्क फोर्स) और कोबरा बटालियन की संयुक्त टीम वेस्ट बस्तर डिवीजन की तरफ सर्च ऑपरेशन के लिए निकली थी।

जवानों के ऑपरेशन के दौरान पहले से ही घात लगाकर बैठे नक्सलियों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसका जवान मुस्तैदी से जवाब दे रहे हैं।

हिड़मा का खात्मा

गृहमंत्री अमित शाह ने सुरक्षाबलों को हिड़मा को खत्म करने के लिए 30 नवंबर तक की डेडलाइन दी थी। इस डेडलाइन से 12 दिन पहले ही आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना की सीमा पर स्थित मरेडमिल्ली जंगल में हिड़मा, उसकी पत्नी राजे उर्फ रजक्का और 4 अन्य नक्सलियों को ढेर कर दिया गया था।

हिड़मा पिछले दो दशक में हुए 26 से ज्यादा बड़े नक्सली हमलों का मास्टरमाइंड था, जिनमें 2010 का दंतेवाड़ा हमला (76 CRPF जवान शहीद) और 2013 का झीरम घाटी हमला प्रमुख हैं।