अंतरराष्ट्रीय चीता दिवस: पीएम मोदी ने दी बधाई, भारत में जन्मे चीतों पर जताया गर्व

अंतरराष्ट्रीय चीता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश-दुनिया के सभी वन्यजीव प्रेमियों और संरक्षणकर्ताओं को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने भारत में चीता पुनर्स्थापना की यात्रा को लेकर उत्साह जताते हुए कहा कि तीन वर्ष पहले शुरू किया गया प्रोजेक्ट चीता सिर्फ इस दुर्लभ प्रजाति को बचाने का प्रयास ही नहीं, बल्कि पूरे पारिस्थितिकी तंत्र को फिर से जीवंत करने की महत्वाकांक्षी पहल है, जहां चीता प्राकृतिक रूप से फल-फूल सके।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में पीएम मोदी ने लिखा कि आज भारत यह गर्व से कह सकता है कि हमारे देश में अब कई चीते हैं, जिनमें से अधिकांश भारतीय मिट्टी पर ही जन्मे हैं। कूनो नेशनल पार्क और गांधी सागर वन्यजीव अभयारण्य में ये चीते पूरी तरह स्वस्थ हैं तथा तेजी से बढ़ रहे हैं। इसके साथ ही चीता पर्यटन भी लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हो रहा है।

प्रधानमंत्री ने दुनिया भर के प्रकृति प्रेमियों को भारत आने और विश्व के सबसे तेज धावक चीते की भव्यता को नजदीक से देखने का निमंत्रण दिया। उन्होंने इस सफलता का श्रेय स्थानीय समुदायों, खासकर ‘चीता मित्रों’ के अथक परिश्रम और समर्पण को दिया। अंत में उन्होंने कहा कि वन्यजीवों की सुरक्षा और प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर जीना भारतीय संस्कृति की मूल पहचान रही है, और आज के संरक्षण प्रयास उसी प्राचीन परंपरा का जीवंत प्रमाण हैं।