धनबाद जिले के झरिया स्थित सिंह नगर में शुक्रवार को एक कचरा गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि जल्द ही पूरे इलाके में घना धुआं और ऊंची लपटें फैल गईं, जिससे आसपास हड़कंप मच गया।
दहशत में दुकानदारों ने हटाया सामान
आग की तीव्रता को देखते हुए एहतियात के तौर पर आसपास के दुकानदारों ने तुरंत अपना सामान सुरक्षित स्थानों पर हटाना शुरू कर दिया।
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। दमकल कर्मियों के अनुसार, आग काफी विकराल रूप ले चुकी थी, और इसे बुझाने में उन्हें काफी मशक्कत करनी पड़ी।
गोदाम मालिक का 70-80 लाख के नुकसान का अनुमान
घटना के वक्त गोदाम के मालिक दीपक साहू मंदिर गए हुए थे। उनके स्टाफ ने उन्हें फोन पर आग लगने की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे दीपक साहू ने बताया कि आगजनी में उन्हें लगभग 70 से 80 लाख रुपए का भारी नुकसान होने का अनुमान है। झरिया थाना की टीम भी तत्काल मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी। पुलिस ने घटनास्थल पर जमा हुई स्थानीय लोगों की भीड़ को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की।
आग लगने के कारणों की जांच जारी
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और दमकल विभाग मिलकर घटना की विस्तृत जांच कर रहे हैं ताकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।