चौधरी चरण सिंह अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा, लखनऊ (CCSIA) शनिवार को लगातार चौथे दिन भारी अव्यवस्था और तनाव का गवाह बना। इंडिगो (IndiGo) एयरलाइंस की उड़ानों के लगातार रद्द होने से आक्रोशित यात्री आपस में भिड़ गए, जिसके बाद एयरपोर्ट पर अफरातफरी मच गई।
यात्रियों में हिंसक झड़प, सुरक्षाकर्मियों पर बदसलूकी का आरोप
एयरपोर्ट पर मौजूद लगभग 1,000 यात्री उड़ानें रद्द होने से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। बताया जा रहा है कि इंतजार कर रहे कुछ यात्रियों के बीच जमकर मारपीट हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यात्री एक-दूसरे को जमीन पर गिराकर पीटने लगे।
इस दौरान, घटना को कवर कर रहे मीडियाकर्मियों के साथ भी दुर्व्यवहार की खबर है। सुरक्षाकर्मियों पर आरोप है कि उन्होंने मीडियाकर्मियों से अभद्रता की और उनका कैमरा छीनने की कोशिश की।
आज 22 उड़ानें रद्द, यात्रियों का आक्रोश चरम पर
शीतलहर और खराब मौसम के कारण उत्पन्न परिचालन संबंधी समस्याओं के चलते शनिवार को कुल 22 उड़ानें रद्द कर दी गईं। इनमें इंडिगो की उड़ानों के साथ-साथ एअर इंडिया की एक उड़ान भी शामिल है।
दूर-दराज से आए कई यात्री चार दिनों से लखनऊ के होटलों में फंसे हुए हैं। आज उनका आक्रोश चरम पर पहुंच गया।
दिल्ली से लखनऊ शादी समारोह में शामिल होने आए एक यात्री ने अपनी पीड़ा बताते हुए कहा कि इंडिगो प्रशासन ने उसका लगेज रखवा लिया है और वह तीन दिन से अपने सामान का इंतजार कर रहा है। बिना अच्छे कपड़ों के शादी में शामिल होने की मजबूरी व्यक्त करते हुए उसने कहा, “इंडिगो वाले सामने मिल जाएं तो झापड़ मार दूं।”
कई यात्रियों को अब 7 या 8 दिसंबर की टिकटें दी गई हैं। दोपहर के बाद एयरपोर्ट पर भीड़ और बढ़ गई। कई यात्रियों ने टिकट का रिफंड मांगना शुरू कर दिया, जिसके कारण एयरपोर्ट गार्डों से उनकी तीखी बहस भी हुई।
इंडिगो कर रही परिचालन सामान्य करने का प्रयास
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, इंडिगो एयरलाइंस परिचालन को सामान्य करने का प्रयास कर रही है, लेकिन स्थिति अभी भी पूरी तरह से नियंत्रण में नहीं आ पाई है। यात्रियों को होने वाली असुविधा को देखते हुए यह अपील की गई है कि वे एयरपोर्ट आने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति ऑनलाइन जाँच लें।