ग्वालियर के पास दर्दनाक हादसा, कार ने मारी चीते को टक्कर मोके पर मौत 

मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में घाटीगांव के सिमरिया टांका क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। कम रोशनी में तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कर रहे दो चीता शावकों में से एक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर सीधे मुंह पर लगी, जिससे चीते की मौके पर ही मौत हो गई।

मृत चीता गामिनी का शावक था, जिसका नाम केजी-3 था। उसके साथ मौजूद दूसरा शावक केजी-4 किसी तरह बच निकला, लेकिन हादसे के बाद वह लापता हो गया है। वन विभाग की टीम उसे तलाश रही है।

हादसे की सूचना मिलते ही ग्वालियर के डीएफओ और पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। कार चालक को हिरासत में लिया गया है और मामला दर्ज कर लिया गया है।

बताया जा रहा है कि कूनो नेशनल पार्क से कुछ चीते पिछले कई दिनों से बाहर निकलकर ग्वालियर संभाग के जंगलों और ग्रामीण इलाकों में भटक रहे हैं। घाटीगांव क्षेत्र में इनकी मौजूदगी की पुष्टि पहले भी हो चुकी है।

हाल ही में करहिया थाना क्षेत्र की गोलार घाटी में दो चीतों का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था, जिसमें वे गायों के झुंड के पास सड़क किनारे बैठे दिखाई दे रहे थे। उस वीडियो को देखकर स्थानीय लोग काफी डरे हुए थे। तब से वन विभाग की टीम इन चीतों पर लगातार निगरानी रख रही थी।