अमृतसर के 15 प्राइवेट स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी: डीसी के आदेश पर तत्काल छुट्टी, पुलिस जांच शुरू

 अमृतसर शहर के लगभग 15 नामी प्राइवेट स्कूलों को शुक्रवार को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की गंभीर धमकी मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। स्कूल मैनेजमेंट द्वारा तुरंत अमृतसर पुलिस को सूचित किया गया, जिसके बाद जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की। डिप्टी कमिश्नर (डीसी) के आदेश पर तुरंत सभी स्कूलों में छुट्टी कर दी गई और बच्चों को घर भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई।

स्कूल मैनेजमेंट ने तुरंत बच्चों के पेरेंट्स को मैसेज भेजा कि वे फौरन स्कूल आकर अपने बच्चों को घर ले जाएं। सभी स्कूल वैन को बुलाकर जल्दबाजी में बच्चों की छुट्टी की गई। इस अचानक मैसेज से पेरेंट्स भी घबराते हुए स्कूल पहुंचे। अचानक छुट्टी किए जाने से बच्चों में भी हड़कंप मच गया और वे जल्द से जल्द घर पहुंचने की जल्दी में दिखे।

धमकी की सूचना पर पुलिस तुरंत स्पॉट पर पहुंची और पूरे इलाके को सील कर दिया। सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मौके पर बम स्क्वायड और फायर ब्रिगेड की टीमों को भी बुलाया गया। स्कूल के अंदर किसी भी बाहरी व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया जा रहा है।

धमकी भरे ईमेल में यह दावा किया गया है कि खालिस्तानी संगठन (खालिस्तान रेफरेंडम) द्वारा खालिस्तानी समर्थकों के एनकाउंटर का बदला लेने के लिए तीन अलग-अलग स्कूलों में धमाका किया जाएगा। हालाँकि, पुलिस की टीमें इस समय स्कूल के अंदर जाकर क्लासरूम की सघन जांच कर रही हैं। ईमेल की जांच साइबर सैल को सौंप दी गई है ताकि इसके असली सोर्स का पता लगाया जा सके। अभी तक यह खुलासा नहीं हुआ है कि धमकी किस संगठन या व्यक्ति ने दी है।

इस घटना पर अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने पहला बयान जारी करते हुए कहा है कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों को एक संदिग्ध ईमेल प्राप्त हुआ है। पुलिस के अनुसार, प्रत्येक स्कूल में एक गजटेड अधिकारी तैनात किया गया है और एंटी-सबोटाज जांच चल रही है। पुलिस ने कहा कि साइबर पुलिस थाने की पुलिस ईमेल के सोर्स का पता लगा रही है। पुलिस ने यह भी उल्लेख किया कि इससे पहले भी ऐसे मामलों में कुछ विद्यार्थी शरारत करते हुए पकड़े गए थे और इसलिए घबराने की कोई जरूरत नहीं है। पुलिस पूरी तरह मुस्तैद और सतर्क है, और जांच पूरी होने के बाद ही इस बारे में विस्तृत बयान जारी किया जाएगा।