उत्तराखंड के ऋषिकेश में एक भयानक सड़क दुर्घटना हुई है। हरिद्वार से ऋषिकेश की ओर जा रही तेज रफ्तार महिंद्रा XUV500 कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई। इस जोरदार टक्कर में कार ट्रक के नीचे घुस गई और उसमें सवार चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसा 16 दिसंबर की देर रात मनसा देवी मंदिर रेलवे फाटक के पास पीएनबी सिटी गेट क्षेत्र में हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार बहुत तेज गति से थी और सड़क पर अचानक आई एक गाय को बचाने की कोशिश में चालक का नियंत्रण बिगड़ गया, जिससे यह टक्कर हुई। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई और राहत कार्य के लिए वाहन को काटकर शव बाहर निकालने पड़े।
सूचना मिलते ही कोतवाली ऋषिकेश, श्यामपुर और आईडीपीएल पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटनाग्रस्त कार का नंबर (UK 07 FS 5587) और ट्रक का नंबर (HR 58 A 9751) बताया गया है।
पुलिस ने मृतकों की पहचान धीरज जायसवाल (31), हरिओम पांडे (22), कर्ण प्रसाद (23) और सत्यम कुमार (20) के रूप में की है, जो सभी ऋषिकेश के निवासी थे। हादसे से पहले का एक सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ, जिसमें कार की तेज रफ्तार और सड़क पर मौजूद गाय नजर आ रही है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और गुजर रहे लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।