ठेकेदार को जाल में फंसाकर वसूले 5 लाख; दो महिलाओं सहित चार गिरफ्तार

भिवानी पुलिस ने हनी ट्रैप के जरिए लोगों को ठगने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो महिलाओं और दो पुरुषों को गिरफ्तार किया है। इस गिरोह ने हिसार निवासी एक ठेकेदार को अपनी बातों के जाल में फंसाकर अश्लील वीडियो बनाई और उसे वायरल करने की धमकी देकर पांच लाख रुपए ऐंठ लिए। डीएसपी मुख्यालय महेश कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनसे कई अन्य वारदातों के खुलासे की उम्मीद है।

पुलिस के अनुसार, हिसार निवासी देवेंद्र ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 16 अक्टूबर को उसके पास प्रिया नाम की एक महिला का वॉट्सऐप मैसेज आया। बातचीत बढ़ने पर 22 अक्टूबर को वह महिला से मिलने भिवानी पहुँचा, जहाँ प्रिया उसे हनुमान ढाणी स्थित एक मकान में ले गई। मकान में पहुँचने के बाद जब प्रिया और शिकायतकर्ता कमरे में थे, तभी अचानक दो युवक वहाँ आ धमके। आरोपियों ने शिकायतकर्ता के साथ मारपीट की और अर्धनग्न अवस्था में उसकी वीडियो बना ली।

वीडियो वायरल करने और दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर आरोपियों ने पहले 10 लाख रुपए की मांग की, लेकिन बाद में सौदा 5 लाख रुपए में तय हुआ। आरोपियों ने पीड़ित से 99 हजार रुपए गूगल-पे के जरिए तुरंत ट्रांसफर करवाए और दो-दो लाख रुपए के दो चेक भी ले लिए। इसके बावजूद जब 24 अक्टूबर को आरोपियों ने और पैसों की मांग की, तब पीड़ित ने हिम्मत जुटाकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

भिवानी पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार के निर्देश पर सीआईए स्टाफ और शहर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन, कुछ नकदी और चेक बरामद किए हैं। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि इस गिरोह ने इससे पहले झज्जर के एक व्यक्ति से भी इसी तरह 3 लाख रुपए की ठगी की थी। कोर्ट के आदेश पर महिला आरोपियों को जेल भेज दिया गया है, जबकि पुरुष आरोपियों से रिमांड के दौरान आगे की पूछताछ की जा रही है।