भारतीय सेना के लिए मिसाइल और बम-बारूद बनाने वाली मध्य प्रदेश की महत्वपूर्ण ऑर्डनेंस फैक्ट्री (OFK) इटारसी को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। यह धमकी सोमवार रात फैक्ट्री की आधिकारिक ईमेल आईडी पर प्राप्त हुई, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों और स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पथरौटा, इटारसी, रामपुर और तवानगर थानों का पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा। एएसपी अभिषेक राजन के नेतृत्व में पूरे फैक्ट्री परिसर की घेराबंदी कर दी गई है। एसपी साईं कृष्णा थोटा ने जानकारी दी कि धमकी भरे ईमेल को तकनीकी तौर पर वेरिफाई किया जा रहा है और इसके स्रोत का पता लगाने की कोशिश जारी है। एहतियात के तौर पर फैक्ट्री की आंतरिक और बाहरी सुरक्षा व्यवस्था को कई गुना बढ़ा दिया गया है।
संसाधनों की कमी के बीच छिंदवाड़ा से बुलाई गई मदद धमकी मिलने के बाद सुरक्षा बलों को उस समय चुनौती का सामना करना पड़ा जब स्थानीय बम डिस्पोजल स्क्वॉड (BDS) की टीमें वीआईपी ड्यूटी के कारण जिले से बाहर थीं। बताया गया कि नर्मदापुरम की टीमें मुख्यमंत्री और जेपी नड्डा के बैतूल दौरे के साथ-साथ ग्वालियर और बुरहानपुर में तैनात थीं। इस स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए छिंदवाड़ा से विशेष बम डिस्पोजल टीम को मौके पर बुलाया गया है।
पुरानी घटनाओं के मद्देनजर सतर्कता उल्लेखनीय है कि इसी वर्ष 17 अप्रैल को भी फैक्ट्री को एक फर्जी ईमेल मिला था, जो बाद में अफवाह साबित हुआ। हालांकि, इस बार सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहतीं। पथरौटा थाने में इस संबंध में आधिकारिक शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और पूरे परिसर की सघन तलाशी ली जा रही है।