उत्तर प्रदेश सरकार ने अनुपूरक बजट 2025-26 में नोएडा, ग्रेटर नोएडा और आसपास के क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। इसमें सबसे बड़ी सौगात नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए प्रस्तावित गंगा लिंक एक्सप्रेसवे का है। इस 74 किलोमीटर लंबे ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के निर्माण के लिए बजट में 1,246 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
यह नया एक्सप्रेसवे बुलंदशहर जिले के स्याना से शुरू होकर यमुना सिटी में फिल्म सिटी के निकट यमुना एक्सप्रेसवे से मिलेगा। इसमें से लगभग 21 किलोमीटर हिस्सा यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यमुना अथॉरिटी) के क्षेत्र में आएगा, जिसमें करीब 9 किलोमीटर लंबा हिस्सा एलिवेटेड होगा। साथ ही यमुना सिटी के सेक्टरों में 24 मीटर चौड़ी सर्विस रोड भी बनाई जाएगी, ताकि स्थानीय लोगों को आवागमन में आसानी हो।
यमुना अथॉरिटी ने अपने क्षेत्र में इस परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया अगले महीने से शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत 16 गांवों से लगभग 740 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। भूमि उपलब्ध होने के बाद निर्माण कार्य तेजी से शुरू हो सकेगा।