हरियाणा के रोहतक में मंगलवार देर रात एसटीएफ (STF) और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। सांपला-बेरी रोड पर घेराबंदी के दौरान गैंगस्टर हिमांशु भाऊ के शूटर अमन उर्फ काकू ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। दोनों ओर से कुल 5 राउंड फायरिंग हुई, जिसमें एक गोली अमन के पैर में लगी और वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे तुरंत काबू कर पीजीआई के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया।
पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर हमले का आरोपी
घायल बदमाश अमन रिटौली गांव का निवासी है और उस पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित था। अमन ने पिछले साल 14 मार्च 2025 को हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में कांग्रेस के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर जानलेवा हमला किया था। इस हमले में बंबर ठाकुर और उनके पीएसओ (PSO) को गोलियां लगी थीं। वह पिछले 10 महीनों से पुलिस की गिरफ्त से बचकर छिप रहा था।
अपराधिक रिकॉर्ड और बरामदगी
पुलिस ने मौके से एक अवैध देसी पिस्तौल बरामद की है। अमन पर रोहतक और बिलासपुर में मारपीट, फायरिंग, आर्म्स एक्ट और आपराधिक साजिश रचने के कई संगीन मामले दर्ज हैं। पुलिस अब पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि पूर्व विधायक पर हमले के पीछे असली मकसद क्या था और क्षेत्र में उसके अगले ठिकाने कहां थे।