इंदौर क्राइम ब्रांच ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चंदन नगर निवासी मोहसिन हुसैन को गिरफ्तार किया है, जो लंबे समय से MD ड्रग्स की सप्लाई के मामले में फरार चल रहा था। मोहसिन की गिरफ्तारी दिसंबर 2025 में पकड़े गए तस्कर समीर हुसैन से मिली लीड और मुखबिर की सूचना के आधार पर हुई है। समीर के पास से उस वक्त 11.90 ग्राम MD ड्रग्स बरामद हुई थी, जिसका मुख्य स्रोत मोहसिन को बताया गया था।
अपराधिक रिकॉर्ड और तस्करी का तरीका
एडिशनल डीसीपी (क्राइम ब्रांच) राजेश दंडोतिया के अनुसार, पकड़ा गया आरोपी मोहसिन शातिर अपराधी है। वह पूर्व में भी मारपीट, चोरी और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामलों में 5 बार गिरफ्तार हो चुका है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मोहसिन दिखावे के लिए फर्नीचर रिपेयरिंग का काम करता है (10वीं तक शिक्षित), लेकिन इसकी आड़ में वह अन्य जिलों से ड्रग्स खरीदकर इंदौर के छोटे सप्लायरों को माल उपलब्ध करवाता था।
बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की तलाश
फिलहाल क्राइम ब्रांच की टीम आरोपी मोहसिन से गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह इंदौर के बाहर किन बड़े तस्करों के संपर्क में था और शहर में उसके नेटवर्क से और कौन-कौन से सप्लायर जुड़े हुए हैं। इंदौर पुलिस ने साफ किया है कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।