सोने और चांदी की कीमतों में पिछले चार दिनों से जारी ऐतिहासिक बढ़त पर आज ब्रेक लग गया है। 30 जनवरी को बाजार खुलते ही कीमती धातुओं के दाम धड़ाम हो गए। एक्सपर्ट्स का कहना है कि ऊंचे दामों पर निवेशकों द्वारा की गई ‘मुनाफावसूली’ (Profit Booking) इस बड़ी गिरावट की मुख्य वजह है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव ₹1,68,475 पर आ गया है, जबकि कल यह ₹1,75,340 के स्तर पर था। एक ही दिन में सोने में ₹6,865 की कमी आई है।
चांदी की कीमतों में ₹22,825 की गिरावट
चांदी के दामों में आज सोने से भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई। एक किलो चांदी की कीमत अब ₹3,57,163 पर आ गई है, जो गुरुवार को ₹3,79,988 प्रति किलो के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थी। यानी चांदी एक ही दिन में ₹22,825 सस्ती हुई है। हालांकि, इस बड़ी गिरावट के बावजूद इस साल जनवरी में अब तक चांदी की कीमतों में ₹1.27 लाख और सोने में करीब ₹35,280 का कुल उछाल देखा जा चुका है।
शहरों में रेट अलग होने की वजह और जरूरी सलाह
अक्सर ग्राहकों को अलग-अलग शहरों में सोने के दाम अलग मिलते हैं। इसकी वजह यह है कि IBJA द्वारा जारी रेट में 3% GST, मेकिंग चार्ज और ज्वेलर्स का मार्जिन शामिल नहीं होता है। RBI भी सोवरेन गोल्ड बॉन्ड और बैंक गोल्ड लोन के लिए इन्हीं बेस रेट्स का इस्तेमाल करते हैं।