इंदौर के राऊ थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय डिलीवरी बॉय की मौत हो गई। युवक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था और पार्ट टाइम डिलीवरी का काम करता था।
पुलिस के अनुसार, मृतक रूपेश आर्य (26), पुत्र शांतिलाल आर्य, निवासी ग्राम कुटवाड़ी, जिला बड़वानी है। हादसा दिल्ली पब्लिक स्कूल के समीप बायपास पर रात करीब 1 बजे हुआ। रूपेश सिलीकॉन सिटी से परिजनों से मिलकर वापस लौट रहा था, तभी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
घटना के बाद गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत ट्रॉमा अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन शनिवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। राऊ थाने के प्रधान आरक्षक यशवंत सिंह भाटी ने बताया कि मौके पर मर्ग दर्ज कर जिला अस्पताल में पोस्टमॉर्टम कराया गया। हादसे में शामिल वाहन की तलाश और जांच जारी है।
परिवार के सदस्यों ने बताया कि रूपेश प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटा हुआ था। वह परिवार की आर्थिक मदद के लिए पार्ट टाइम डिलीवरी बॉय का काम करता था। उसके पिता शांतिलाल किसान हैं। परिवार में एक छोटा भाई और दो बहनें हैं। युवक के काका संदीप आर्य ने बताया कि रात में हादसे की सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों की सारी कोशिशों के बावजूद रूपेश नहीं बच सका।